
मुजफ्फरपुर में ई-वाहन 3 हजार पार, चार्जिंग स्टेशनों की कमी ने बढ़ाई दिक्कत
मुजफ्फरपुर में इलेक्ट्रिक वाहनों की संख्या तीन हजार से अधिक हो गई है, लेकिन सार्वजनिक चार्जिंग स्टेशनों की कमी है। सरकारी बस स्टैंड पर भी चार्जिंग सुविधा का अभाव है, जिससे इलेक्ट्रिक बसों की संख्या नहीं बढ़ पा रही है। आने वाले समय में चार्जिंग स्टेशनों की स्थापना की उम्मीद है।
मुजफ्फरपुर की सड़कों पर इलेक्ट्रिक वाहनों (EV) की संख्या तेजी से बढ़ रही है। शहर में छोटे-बड़े मिलाकर अब तीन हजार से ज्यादा इलेक्ट्रिक वाहन हो चुके हैं। परिवहन विभाग के अनुसार, नवंबर तक ही 2,838 वाहन रजिस्टर्ड थे। हालांकि, यह बढ़ते क्रेज के बावजूद शहर में सार्वजनिक चार्जिंग स्टेशन एक भी नहीं है, जिससे वाहन चालकों को काफी परेशानी होती है। घर पर तो स्कूटी जैसे छोटे वाहन चार्ज हो जाते हैं, लेकिन बड़े वाहन चालकों को बैटरी खत्म होने की चिंता हमेशा सताती रहती है और उन्हें चार्जिंग के लिए भटकना पड़ता है। कुछ स्कूटी चालक जरूरत पड़ने पर कंपनी के शोरूम में जाकर चार्ज करते हैं।
सरकारी इलेक्ट्रिक बसों के संचालन में भी चार्जिंग स्टेशन की कमी एक बड़ी बाधा है। एक साल पहले ही मुजफ्फरपुर को करीब 50 इलेक्ट्रिक बसें मिलने की घोषणा हुई थी, लेकिन पर्याप्त चार्जिंग सुविधा न होने के कारण संख्या बढ़ नहीं पा रही है। अभी केवल मुजफ्फरपुर से पटना के बीच चार जोड़ी सरकारी इलेक्ट्रिक बसें चल रही हैं। बिजली विभाग के कार्यपालक अभियंता विजय कुमार ने बताया कि इमलीचट्टी बस स्टैंड में सरकारी बसों के लिए एक नया पावर सब स्टेशन (PSS) बन रहा है। यह दो-तीन महीने में तैयार हो जाएगा और तेज चार्जिंग के लिए सीधे 440 वोल्ट की बिजली देगा।
अच्छी खबर यह है कि शहर में जल्द ही सार्वजनिक चार्जिंग सुविधा शुरू होने वाली है। बिजली विभाग ने बताया कि मुजफ्फरपुर शहर के अंदर बैरिया गोलंबर, ब्रह्मपुरा, एमआईटी सब-डिवीजन के दो पेट्रोल पंपों सहित सरैया, गायघाट और सकरा में करीब 8-10 पंपों पर जल्द ही चार्जिंग स्टेशन चालू होने की उम्मीद है। इन स्टेशनों के लिए बिजली विभाग ने लाइन चालू कर दी है। बैरिया स्थित एक पेट्रोल पंप मैनेजर ने बताया कि उनके यहां हफ्तेभर में चार्जिंग स्टेशन चालू हो जाएगा, जिसके बाद कंपनी यूनिट के हिसाब से चार्जिंग का रेट तय कर देगी।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




