
गुमशुदा और अपहृत लोगों की बढ़ेगी तलाश
मुजफ्फरपुर में गुमशुदा, लापता और अपहृत लोगों की तलाश को बढ़ावा दिया जाएगा। पुलिस मुख्यालय ने एसएसपी को निर्देश दिया है कि सभी थाने अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करें। इसमें गुमशुदा और लापता मामलों की संख्या, बरामदगी और लंबित मामलों का विवरण शामिल होगा। बच्चों और किशोरियों से जुड़े मामलों में विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया गया है।
मुजफ्फरपुर, हिन्दुस्तान प्रतिनिधि। गुमशुदा, लापता और अपहृत लोगों की तलाश बढ़ेगी। फोटो समेत पूरा विवरण पोर्टल पर अपलोड होगा। पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर एसएसपी ने सभी एसडीपीओ और थानेदारों को पत्र जारी किया है। इसमें कहा गया है कि जिले में अबतक कितने लोग गुमशुदा हुए हैं, कितने लापता हैं, कितनी की बरामदगी हुई और कितने मामले अब भी लंबित हैं। इसका पूरा ब्योरा अविलंब उपलब्ध कराया जाए। इससे संबंधित जितने भी मामले थानों में दर्ज हैं, उसकी रिपोर्ट तैयार करनी है। जारी आदेश में कहा गया है कि गुमशुदा, लापता और अपहृत मामलों में कई बार जांच केवल औपचारिक बनकर रह जाती है।
कुछ मामलों में नामजद आरोपितों के खिलाफ आरोपपत्र दाखिल करने के बाद पीड़ित के तलाश की प्रक्रिया धीमी कर दी जाती है। इस स्थिति को पुलिस मुख्यालय ने गंभीर माना है। पत्र में कहा गया है कि सभी थाने अपने-अपने क्षेत्र के गुमशुदा, लापता और अपहृत मामलों का अद्यतन डाटा प्रस्तुत करेंगे। इसमें यह भी बताना होगा कि किन मामलों में प्राथमिकी दर्ज हुई, किन मामलों में कार्रवाई की जगह सिर्फ खानापूर्ति की गई। बच्चों और किशोरियों से जुड़े मामलों में विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया गया है। सभी एसडीपीओ को अपने-अपने अनुमंडल में लंबित मामलों की समीक्षा करने का निर्देश दिया गया है। पत्र में चेतावनी दी गई है कि जो भी संबधित पदाधिकारी डाटा पेश करने में देरी करेंगे या पुराने मामलों की फाइलें दबाकर रखेंगे, उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




