ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News बिहार मुजफ्फरपुरमोतीपुर में पत्नी के शव को टुकड़े-टुकड़े कर पोखर में फेंका

मोतीपुर में पत्नी के शव को टुकड़े-टुकड़े कर पोखर में फेंका

बरुराज थाना क्षेत्र के माधोपुर मधु गांव में पति व ससुराल वालों ने विवाहिता अंजली देवी की दहेज के लिए हत्या कर दी। उसके शव के टुकड़े-टुकड़े कर गांव के चौर स्थित पोखर में फेंक दिया। मंगलवार को छत विछत...

मोतीपुर में पत्नी के शव को टुकड़े-टुकड़े कर पोखर में फेंका
हिन्दुस्तान टीम,मुजफ्फरपुरWed, 21 Aug 2019 01:47 AM
ऐप पर पढ़ें

बरुराज थाना क्षेत्र के माधोपुर मधु गांव में पति व ससुराल वालों ने विवाहिता अंजली देवी की दहेज के लिए हत्या कर दी। उसके शव के टुकड़े-टुकड़े कर गांव के चौर स्थित पोखर में फेंक दिया। मंगलवार को छत विछत शव पोखर से बरामद किया गया। शव के कई टुकड़े कर बोरों में रखकर फेंका गया था। पानी से शव के कई हिस्से बरामद कर किये गए। हालांकि शव का सिर नहीं मिल सका है। सिर कटी लाश मिलने की सूचना पर पहुंची पुलिस टीम को ग्रामीणों ने खदेड़ दिया। घटना को लेकर ग्रामीणों में पुलिस के प्रति आक्रोश है।

बाद में भारी पुलिस बल के साथ थानेदार पहुंचे और मामले की छानबीन शुरू की। गांव में सिर कटी महिला की लाश मिलने की खबर आग की तहर फैली और देखते ही देखते सैकड़ों लोग वहां जमा हो गए। विवाहिता के मायके धनौती से भी ग्रामीण पहुंचे। मृतका अंजली देवी के पिता धनौती निवासी राजेन्द्र महतो ने कपड़े व चूड़ियों से शव की पहचान की। पिता ने अंजली के पति मुकेश महतो, देवर नीतेश, अभिनंदन, चचेरे ससुर सकिंद्र महतो समेत सात ससुराल वालों पर हत्या का आरोप लगाया है। इस मामले में सोमवार को ही उन्होंने हत्या की आशंका जताते हुए एफआईआर करायी थी। एफआईआर होने के बाद पुलिस ने सास जानकी देवी व ससुर लास महतो को हिरासत में लिया था। उससे मंगलवार को भी घटना को लेकर पूछताछ की जा रही है। लेकिन वह घटना से अनभिज्ञता जता रही है।

घंटों तलाश के बावजूद नहीं मिला सिर

थानाध्यक्ष अनूप कुमार मछुआरे के साथ गांव स्थित पोखर पर पहुंचे। मौके पर पहुंचे बरुराज पुलिस को लोगों के आक्रोश का सामना करना पड़ा। थानाध्यक्ष अनूप कुमार ने आक्रोशित लोगों को समझाकर शांत कराया। उसके बाद मछुआरे की मदद से अंजली के गायब सिर की तलाश पानी में शुरू की गई। घंटों मशक्कत के बाद भी धर से अगल सिर नहीं मिला। बाद में उसके अन्य अंगों को जमा किया गया।

पुलिस पर आरोपितों को बचाने का आरोप

आक्रोशित लोग बरुराज पुलिस पर आरोपितों को बचाने व मौके पर वरीय अधिकारी को बुलाने की मांग कर रहे थे। इसके बाद ही शव को पोस्मार्टम कराने की मांग पर अड़े थे। बाद में डीएसपी पश्चिमी कृष्णमुरारी प्रसाद ने घटनास्थल का मुआयना किया। डीएसपी ने जल्द की आरोपितों की गिरफ्तारी का आश्वासन दिया। इसके बाद लोग शांत हुए और पुलिस बरामद शव को पोस्टमार्टम के लिए एसकेएमसीएच ले गई।

कटे हाथ को खींच रहा था कुत्ता, बच्चों ने मचाया शोर

मंगलवार सुबह गांव के बच्चे मवेशी चराने चौर में आए थे। इस दौरान पोखर के समीप एक कुत्ता एक महिला के कटे को नोच रहा था। यह देख बच्चे डर गए और शोर मचाकर गांव के लोगों को इसकी जानकारी। इसके बाद ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। पोखर से सौ मीटर की दूरी पर झाड़ी में अंजली की टूटी चूड़ियां बिखड़ी हुई थी। घटनास्थल पर शराब की खाली बोतल व खून के धब्बे मिले। बताया गया कि महिला के शव को झाड़ी में काट बोरा में रखकर पोखर में फेंक दिया गया होगा।

पति विदेश से फोन पर काटने की देता था धमकी

मृतका अंजली के पिता ने बताया कि आरोपित मुकेश महतो विदेश में रह कर मजदूरी करता था। कुछ पहले ही वह घर आया था। पारिवारिक विवाद को लेकर मुकेश फोन पर अंजली को विदेश से लौटने पर काटकर हत्या कर देने की धमकी देता था। रक्षा बंधन के दिन अंजली अपने पति के साथ मायके आयी हुई थी। वहीं से अपने पति के साथ गांव में ही मेला देखने गई थी। 16 अगस्त की अहले सुबह अंजली अपने पति के साथ ससुराल चली गयी। रात में पति पत्नी में विवाद हुआ था। रात में ही ससुराल पक्ष के लोगों ने अंजली की हत्या कर दी। 17 अगस्त के दिन में ससुराल पक्ष के लोग अंजली के शव को अपने घर में रखे हुए थे। 18 अगस्त की सुबह अंजली के देवर मायके पहुंचकर अंजली के बारे में बताया कि वह किसी के साथ भाग गई है। यह कहकर वह भाग निकला था। मायके वालों को जब आशंका हुई तो अंजली के ससुराल पहुंचे। लेकिन ससुराल पक्ष के लोग घर छोड़कर फरार थे। इसके बाद मायके वालों ने अंजली की हत्या की एफआईआर दर्ज करायी थी।

बयान

चौर के पोखर के आसपास से छत विछत शव बरामद किया गया है। मायके वालों ने महिला की पहचान अंजली देवी के रूप में की है। पिता के बयान पर दहेज हत्या की एफआईआर दर्ज की गई है। सास-ससुर को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पति समेत अन्य की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। - कृष्णमुरारी प्रसाद, डीएसपी पश्चिमी

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें