शहर में सालभर में 33 जगह तोड़ी जलापूर्ति पाइपलाइन, बनाया एक भी नहीं
मुजफ्फरपुर में गैस पाइपलाइन बिछाने के लिए बिना अनुमति के सड़कें काटी जा रही हैं, जिससे जलापूर्ति पाइपलाइन और पंप क्षतिग्रस्त हो गए हैं। नगर आयुक्त ने आईओसीएल के प्रबंधक को तलब किया है। पिछले 10 महीनों में कई पत्र लिखने के बावजूद कोई समाधान नहीं निकला है।

मुजफ्फरपुर, वरीय संवाददाता। गैस पाइपलाइन बिछाने को लेकर गैरकानूनी तरीके से शहर में सड़कें काटी जा रही है। कटघरे में आईओसीएल है। सड़क काटने के क्रम में बीते सालभर में 33 जगहों पर निगम की जलापूर्ति पाइपलाइन के साथ पांच एचपी के एक सबमर्सिबल पंप बर्बाद हो गया। इसमें से एक भी सड़क की मरम्मत नहीं की गई। इसको लेकर नगर आयुक्त ऋतुराज प्रताप सिंह ने आईओसीएल के प्रबंधक को तलब किया है। अगले 13 फरवरी को निगम कार्यालय में बैठक होगी। इस संबंध में बुधवार को प्रबंधक को पत्र भेजा गया है। प्रावधान के मुताबिक निगम क्षेत्र में सड़क काटने से पहले निगम की अनुमति जरूरी है।
लेकिन, गैस पाइपलाइन के काम में लगी एजेंसी बिना पूछे जैसे-तैसे सड़कों को काट रहा है। इससे आधा दर्जन से अधिक वार्डों में जलापूर्ति पाइपलाइन तहस-नहस हो गई है। इसके बाद मरम्मत नहीं करने को नगर आयुक्त ने चिंताजनक करार दिया है। दरअसल, काम में दौरान पाइप क्षतिग्रस्त होने पर उसे संबंधित कंपनी को मरम्मत करने के साथ ही रोड रेस्टोरेशन करना है। इसके बावजूद क्षतिग्रस्त पाइप या पंप को ठीक नहीं किया गया। काटी गई सड़कों की मरम्मत नहीं करने से अक्सर हादसे हो रहे हैं। इस मामले को लेकर पिछले 31 जनवरी को हुई निगम बोर्ड की बैठक में भी मेयर निर्मला साहू व अन्य पार्षदों ने आईओसीएल के अधिकारियों को खरी खोटी सुनाई थी। 10 माह में पांच पत्र व रिमाइंडर पर नतीजा सिफर जलापूर्ति पाइपलाइन या पंप क्षतिग्रस्त करने के बाद उसकी मरम्मत को लेकर निगम के स्तर से पिछले साल फरवरी से दिसंबर के बीच पांच बार आईओसीएल को पत्र लिखा गया। हालांकि, नतीजा सिफर ही रहा। 19 फरवरी, 26 मई, 1 जुलाई, 3 सितंबर, 11 सितंबर और 1 नवंबर 2025 को लिखे गए पत्रों का जबाव तक नहीं आया। बयान: निरीक्षण के क्रम में पाया गया है कि निगम क्षेत्र में बिना अनुमति सड़कें काटकर गैस पाइपलाइन का विस्तार किया जा रहा है। इसके चलते शहरवासियों को परेशानी हो रही है। हादसों की भी सूचना मिल रही है। साथ ही निगम की आधारभूत संरचनाओं को क्षति पहुंच रही है। - ऋतुराज प्रताप सिंह, नगर आयुक्त हाल में क्षतिग्रस्त वार्ड जलापूर्ति पाइप क्षतिग्रस्त 27 दामूचक रोड में दो स्थानों पर सीआई पाइप में लीकेज। 30 कलमबाग रोड में एक अस्पताल के पास सीआई पाइप में लीकेज। 31 माई स्थान, कच्ची पक्की रोड में सबमर्सिबल व पाइपलाइन क्षतिग्रस्त। 37 सोसायटी रोड, चर्च रोड में 4 स्थानों पर सीआई पाइप में लीकेज। 41 नकुलवा चौक से कालाजार अस्पताल तक 8 जगहों पर सीआई पाइप डैमेज। 43 भोला चौक से राम जानकी मंदिर होकर सुभी चौक तक 9 जगहों पर सीआई पाइप क्षतिग्रस्त। 49 बेला छपरा, बेला चौक व श्यामनंदन सहाय कॉलेज के पास 9 जगहों पर एचडीपीई पाइपलाइन डैमेज।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




