
तस्करों के माध्यम से बदमाशों तक पहुंच रहे अवैध फैक्ट्रियों में बने हथियार
संक्षेप: मुजफ्फरपुर में अवैध हथियारों के निर्माण और तस्करी की बढ़ती गतिविधियों को लेकर खुफिया विभाग ने पुलिस को रिपोर्ट भेजी है। रिपोर्ट में 14 से अधिक तस्करों के नाम शामिल हैं, जो इस धंधे में सक्रिय हैं। पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है, क्योंकि यह मामला गंभीर है।
मुजफ्फरपुर, हिन्दुस्तान प्रतिनिधि। अवैध हथियारों के निर्माण और तस्करी के बढ़ते जाल को लेकर खुफिया विभाग ने पुलिस मुख्यालय को रिपोर्ट भेजी है। इसमें बताया गया है कि अवैध फैक्ट्रियों में बने हथियार तस्करों के माध्यम से आसानी से बदमाशों तक पहुंच रहे हैं। इससे क्षेत्र में अपराधों में वृद्धि का खतरा बढ़ गया है। रिपोर्ट में मुजफ्फरपुर समेत उत्तर बिहार के 14 से अधिक तस्करों का नाम शामिल है। ये तस्कर इस धंधे में सक्रिय रूप से शामिल हैं। रिपोर्ट में स्पष्ट तौर पर तस्करों और बदमाशों के गठजोड़ का खुलासा किया गया है। इसके सहारे ये अवैध हथियार एक से दूसरे हाथ तक पहुंच रहे हैं।

यह मामला इसलिए भी गंभीर है क्योंकि पूर्व में मुजफ्फरपुर और वैशाली जिलों में हथियार और कारतूस बनाने की अवैध फैक्ट्रियां पकड़ी जा चुकी हैं। इन फैक्ट्रियों से बड़े पैमाने पर अवैध हथियार और कारतूस बरामद हुए थे। रिपोर्ट में यह भी बताया गया है कि उत्तर प्रदेश से पूर्व में कारतूस की खेप मंगाई गई थी। जिसे पुलिस ने पकड़ा था। यह इशारा करता है कि अवैध हथियारों और कारतूसों की आपूर्ति के लिए अंतरराज्यीय नेटवर्क सक्रिय है। उधर, खुफिया विभाग की इस रिपोर्ट के बाद पुलिस और प्रशासन ने कार्रवाई शुरू कर दी है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




