पत्नी की बरामदगी के लिए हंगामा, गुमटी जाम होने से रुकी ट्रेन
पति ने रेपुरा गांव में अपनी गायब पत्नी की बरामदगी न होने पर सकरा थाने के गेट पर हंगामा किया। उसने आत्महत्या का प्रयास किया जिससे सड़क जाम हो गई। पुलिस ने समझाकर उसे हटाया। उसकी पत्नी 2025 में घर से गायब हुई थी और एक साल बाद भी बरामद नहीं हो पाई।

सकरा, हिन्दुस्तान संवाददाता। थाना क्षेत्र के रेपुरा गांव के गायब विवाहिता की बरामदगी नहीं होने से नाराज उसके पति ने मंगलवार को सकरा थाना के गेट पर हंगामा किया। वह सड़क पर लेट गया और कई बार गले में गमछा बांध आत्महत्या का प्रयास किया। इससे मौके पर भीड़ जुट गई और सड़क जाम हो गया। जाम के कारण पास में स्थित रेलवे गुमटी पर भी वाहनों की कतार लग गई। ऐसे में गुमटी बंद नहीं होने पर बरौनी-गोंदिया एक्सप्रेस को ढोली स्टेशन पर ही रोकना पड़ा。
हंगामा और ट्रेन देरी
हंगामा व गुमटी जाम होने की सूचना पर पहुंची आरपीएफ व स्थानीय पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद युवक को समझाकर सड़क से हटाया। करीब आधे घंटे बाद जाम समाप्त हुआ और गुमटी को बंद कर ट्रेन को मुजफ्फरपुर जंक्शन के लिए आगे रवाना किया गया। ट्रेन करीब 15 मिनट तक स्टेशन पर खड़ी रही।
पत्नी का गायब होना
रेपुरा गांव निवासी सानंद कुमार उर्फ भोला ने बताया कि उसकी पत्नी शोभा देवी अपने बच्चे को लेकर अप्रैल 2025 को घर से निकल गई। इसके बाद वह घर नहीं लौटी। इसके बाद उसने अपहरण का केस सकरा थाने में दर्ज कराया। एक साल बाद भी उसकी पत्नी को पुलिस बरामद नहीं कर पाई है। वहीं, सकरा थानाध्यक्ष कमलेश कुमार ने बताया कि युवक ने पत्नी व बच्चे के अपहरण का केस कराया था। उसकी पत्नी ने दिल्ली की तीस हजारी कोर्ट में उसपर महिला उत्पीड़न का केस दर्ज कराया है। पुलिस जब उसके पास पहुंची तो उसने अपहरण की बात को झूठा बताया और पति के साथ रहने से इनकार कर दिया। मामला कोर्ट में लंबित है। इस कारण उसे यहां नहीं लाया जा सका।
अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न
लेखक के बारे में
Arun Kumar Singhलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


