Muzaffarpur News: हफ्ते में चार दिन खा रहे चाट-समोसा, रोग का हाई रिस्क
Muzaffarpur News: मुजफ्फरपुर में 29 फीसदी लोग हफ्ते में चार दिन चाट-समोसे खा रहे हैं, जिससे बीमारियों का जोखिम बढ़ रहा है। स्वास्थ्य विभाग के रिपोर्ट के अनुसार, बिहार में 23% लोग खान-पान के मध्यम जोखिम में हैं। मुजफ्फरपुर में 27% लोग उच्च कैलोरी वाला भोजन लेते हैं।

Muzaffarpur News: मुजफ्फरपुर, प्रमुख संवाददाता। सूबे में 29 फीसदी लोग हफ्ते में चार दिन चाट-समोसे खा रहे हैं। लगातार हाई कैलोरी और बाजार की चीजें खाने से ऐसे लोग बीमारियों के हाई रिस्क में हैं। इनमें हाई शुगर से लेकर फैटी लीवर होने का खतरा सबसे ज्यादा है। स्वास्थ्य विभाग की तरफ से चल रहे घर-घर जांच अभियान से इसका खुलासा हुआ है।
स्वास्थ्य विभाग की खोज
स्वास्थ्य विभाग ने पूरे सितंबर माह चले जांच अभियान की रिपोर्ट जारी की है। अभियान के दौरान आशा कार्यकर्ताओं ने अपने पोषक क्षेत्र में घर-घर जाकर लोगों के खान-पान का सर्वे किया था। इसके लिए आशा कार्यकर्ताओं को सवालों की सूची दी गई थी, जिसमें उन्हें लोगों के खान पान के बारे में पूछना था। रिपोर्ट के मुताबिक, बिहार में 23 प्रतिशत लोग खान पान से बीमारियों के मध्यम रिस्क में है।
मुजफ्फरपुर में 27% लोगों का खान-पान
रिपोर्ट के मुताबिक, मुजफ्फरपुर जिले के 27% लोग हफ्ते में चार दिन हाई कैलोरी वाली चीजें खा रहे हैं। जिला गैर संचारी रोग अधिकारी डॉ. नवीन कुमार और एनसीडी विभाग के प्रिंस कुमार ने बताया कि विभाग के निर्देश के बाद लगातार लोगों का सर्वे कराया गया। इसमें बीपी-शुगर के साथ लीवर, कैंसर व सांस की बीमारियों की भी स्क्रीनिंग कराई गई। डॉ. नवीन ने बताया कि लगातार हाई कैलोरी भोजन से लोगों को कई बीमारियां होने का रिस्क रहता है। रिपोर्ट में बताया गया है कि अररिया जिले में सबसे अधिक 42% लोग हाई कैलोरी खाने के कारण बीमारियों के हाई रिस्क में हैं।
बीपी और शुगर की जांच
स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक सितंबर में एक करोड़ 71 लाख 10 हजार 853 लोगों की हाई बीपी की जांच की गई, जिसमें 7 लाख पांच हजार 214 लोगों में हाई बीपी की शिकायत मिली। इसके अलावा राज्य में एक करोड़ 67 लाख 95 हजार 236 लोगों की शुगर की जांच की गई, जिसमें 6 लाख 1 हजार 319 लोगों में हाई शुगर मिला। मुजफ्फरपुर में 4.3% लोगों में हाई बीपी और 3.8% में हाई शुगर मिला है।
सांस और फैटी लीवर की समस्या
अभियान के दौरान हुई जांच में बिहर में 10 हजार लोग सांस की बीमारी से तो 11 हजार लोग फैटी लीवर की बीमारी से ग्रस्त मिले। जांच के दौरान बिहार में 308 लोग ओरल कैंसर के, 53 ब्रेस्ट कैंसर के और 45 सर्वाइकल कैंसर के मरीज मिले हैं। डॉ नवीन ने बताया कि स्क्रीनिंग के बाद सभी मरीजों को इलाज और दवा के लिए लिखा गया है।

