ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News बिहार मुजफ्फरपुरदुष्कर्म पीड़िता की मेडिकल जांच में देरी पर कार्रवाई का निर्देश

दुष्कर्म पीड़िता की मेडिकल जांच में देरी पर कार्रवाई का निर्देश

राज्य महिला आयोग की तीन सदस्यीय टीम शुक्रवार को दुष्कर्म पीड़िता से मिलने मोतीपुर पहुंची। इस दौरान आयोग की टीम ने पीड़िता व परिजनों से घटना के बारे में जानकारी...

दुष्कर्म पीड़िता की मेडिकल जांच में देरी पर कार्रवाई का निर्देश
हिन्दुस्तान टीम,मुजफ्फरपुरSat, 02 Jun 2018 01:37 AM
ऐप पर पढ़ें

राज्य महिला आयोग की तीन सदस्यीय टीम शुक्रवार को दुष्कर्म पीड़िता से मिलने मोतीपुर पहुंची। इस दौरान आयोग की टीम ने पीड़िता व परिजनों से घटना के बारे में जानकारी ली। पीड़िता ने बताया कि वह घर में थी। इस दौरान आरोपित ने घटना को अंजाम दिया। गांव के दबंगों ने थाना जाने से दो दिनों तक रोके रखा। इसी बीच दबंगों ने आरोपित को गांव से भगा दिया। इसके बाद स्थानीय जनप्रतिनिधि की मदद से बीते मंगलवार को थाने पहुंच शिकायत दर्ज कराई। टीम ने केस दर्ज होने के बाद आरोपित की ओर से दबाव दिए जाने के बारे में पूछताछ की। हालांकि, इससे परिजनों ने इंकार किया।

इसके बाद टीम ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों से घटना की जानकारी ली। जनप्रतिनिधियों ने भी दबंगों की ओर से पंचायती के नाम पर पीड़िता को दो दिन तक रोके जाने की बात कही। टीम को दबंगों के नाम भी बताए गए। टीम ने गांव के लोगों से पीड़िता की मदद करने की बात कही। टीम ने इस कांड के जांच अधिकारी श्याम नारायण प्रसाद से कार्रवाई के बारे में जानकारी ली। आईओ ने बताया कि वारंट के बाद कुर्की के लिए कोर्ट से आदेश लिया जा रहा है। आदेश मिलने पर कुर्की की जाएगी।

इस दौरान कांड के आईओ ने टीम के समक्ष कोर्ट के आदेश के नाम पर पीड़िता को 24 घंटे तक डीएस द्वारा रोकने की शिकायत की। इसकी जानकारी मिलने पर टीम अचंभित रह गई। इसके बाद टीम ने सिविल सर्जन से बात की और कार्रवाई के लिए पत्र लिखने की बात कही। टीम ने एसडीएम व डीएसपी से भी घटना की जानकारी ली।

राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष दिलमणि मिश्रा ने बताया कि सदर अस्पताल के डॉक्टर द्वारा न्यायालय के आदेश पर दुष्कर्म पीड़िता को 24 घंटे तक जांच के लिए रोके रखना गंभीर बात है। जांच कर कार्रवाई के लिए लिखा जाएगा। साथ ही पीड़िता को दबंगों ने थाना जाने से रोका था। ऐसे लोगों को चिह्नित कर कार्रवाई के लिए स्थानीय प्रशासन को आदेश दिया गया है। मौके पर टीम की सदस्य रजिया कामिल अंसारी, नीलम सहनी के साथ विनीता देवी, संतोष मिश्रा, नीरज नयन, रंगीस ठाकुर भी मौजूद थे।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें