Muzaffarpur News: बेला में सीमेंट फैक्ट्री के गार्ड की हत्या
Muzaffarpur News: मुजफ्फरपुर में बेला औद्योगिक क्षेत्र स्थित एक सीमेंट फैक्ट्री के 60 वर्षीय गार्ड, शिवनारायण भगत की हत्या कर दी गई। उसके शरीर पर कोई जख्म नहीं मिले हैं, लेकिन पत्नी और पुत्र ने गला दबाने की आशंका जताई है। शव फैक्ट्री के पास नाले के समीप मिला। पुलिस जांच कर रही है।

Muzaffarpur News: मुजफ्फरपुर, प्रसं। बेला औद्योगिक क्षेत्र स्थित एक सीमेंट फैक्ट्री के 60 वर्षीय गार्ड की हत्या कर दी गई। मृत गार्ड काजी मोहम्मदपुर थाना के शंकरपुरी मोहल्ला निवासी शिवनारायण भगत था। उसके शरीर पर जख्म के कोई निशान नहीं मिले हैं। पत्नी और पुत्र ने गला दबाकर हत्या किए जाने की आशंका जताई है।
वारदात का विवरण
गार्ड की पत्नी बेबी देवी ने बताया कि सुबह में एक अन्य गार्ड विजय कुमार उनके शंकरपुरी स्थित घर पर आया और बताया कि उसके पति की तबीयत काफी खराब है। इसके बाद उसने पति को लगातार कॉल की, लेकिन फोन नहीं उठा। तब वह फैक्ट्री पहुंची। यहां पता चला कि उनकी हत्या कर दी गई है। शव फैक्ट्री के पास सड़क किनारे नाले के समीप पड़ा मिला। शरीर के ऊपरी हिस्से पर कपड़े नहीं थे। बेबी ने बताया कि बुधवार को शाम छह बजे घर से ड्यूटी के लिए चले थे। रात में आठ बजे से सुबह आठ बजे तक ड्यूटी रहती थी।
जांच प्रक्रिया
सूचना पर एसडीपीओ नगर सुरेश कुमार घटनास्थल पर पहुंचे और जांच की। एफएसएल की टीम को भी बुलाया गया। उन्होंने बताया कि शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए एसकेएमसीएच भेजा गया है। परिजन के बयान पर केस दर्ज किया जाएगा। बेला क्षेत्र के अन्य गार्ड और फैक्ट्री कर्मियों ने चोरी करने आए बदमाशों द्वारा घटना को अंजाम देने की आशंका जताई। इसको लेकर भी पुलिस जांच कर रही है। फैक्ट्री के अन्य गार्डों और प्रबंधन से भी पूछताछ की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मौत का कारण स्पष्ट होगा।


