कांटी-शिवहर मार्ग में रघई घाट पुल के पास शुक्रवार को हुई बाइक दुर्घटना में दादा की मौत हो गई जबकि पोता गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतक 60 वर्षीय चंदेश्वर सहनी मीनापुर के चांदपरना का निवासी बताया गया है। वहीं घायल नौ वर्षीय साजन कुमार का इलाज चल रहा है। घटना की जानकारी मिलने पर पानापुर ओपी पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
स्थानीय लोगों ने बताया कि दादा-पोता घर से कांटी जा रहे थे। इसी दौरान उनकी बाइक दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इससे चंदेश्वर सहनी की मौत घटनास्थल पर ही हो गई। हादसे के बाद आसपास के लोग घटनास्थल पर जुट गए। स्थानीय लोगों ने ओपी की पुलिस को घटना की जानकारी दी। लोगों ने आशंका जताते हुए बताया कि घटनास्थल के पास सड़क काफी जर्जर है। बाइक का संतुलन बिगड़ने से दोनों गिरे होंगे। बाद में वहां पहुंचे ओपी प्रभारी अरविंद कुमार ने लोगों से पूछताछ की। उन्होंने कहा कि हादसे की सही वजह की जानकारी नहीं हो सकी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।