Muzaffarpur News: ब्रह्मपुरा में बिजली कर्मी की पत्नी से दिनदहाड़े सोने की चेन झपटी

हिन्दुस्तान, मुजफ्फरपुर
Follow us on Google News
share

Muzaffarpur News: ब्रह्मपुरा थाना क्षेत्र में बुधवार दोपहर बच्चे को स्कूल से लेकर घर लौट रही बिजली कर्मी की पत्नी अल्का कुमारी के गले से बाइक सवार बदमाशों ने सोने की चे

Muzaffarpur News: ब्रह्मपुरा में बिजली कर्मी की पत्नी से दिनदहाड़े सोने की चेन झपटी

Muzaffarpur News: मुजफ्फरपुर, हिन्दुस्तान प्रतिनिधि। ब्रह्मपुरा थाना क्षेत्र में बुधवार दोपहर बच्चे को स्कूल से लेकर घर लौट रही बिजली कर्मी की पत्नी अल्का कुमारी के गले से बाइक सवार बदमाशों ने सोने की चेन छीन ली। घटना बैरिया-लक्ष्मी चौक रोड में चाणक्यपुरी मोहल्ले स्थित किडनी अस्पताल के पास हुई। छिनतई के बाद बदमाश बैरिया गोलंबर की ओर फरार हो गए।पीड़िता अल्का ने मामले को लेकर ब्रह्मपुरा थाने में एफआईआर के लिए आवेदन दिया है। पूरी वारदात पास में लगे एक सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। अल्का ने पुलिस को बताया कि वह अपने बच्चे को स्कूल से लेकर ऑटो से घर लौट रही थी।

चाणक्यपुरी मोहल्ले के मुख्य गेट पर वह ऑटो से उतर चालक को किराया देने के बाद वह गली की ओर बढ़ी। इस बीच पीछे से एक बाइक पर सवार दो नकाबपोश अपराधी वहां पहुंचे। जब तक वह कुछ समझ पाती तब तक बाइक पर पीछे बैठे अपराधी ने झपट्टा मारकर उसके गले से सोने की चेन छीन ली। घटना के बाद उसने शोर मचाया, लेकिन जब तक आसपास के लोग जुटते, तब तक अपराधी तेज रफ्तार बाइक से बैरिया गोलंबर की ओर भाग निकले। सूचना मिलने के बाद ब्रह्मपुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन में जुट गई। पुलिस ने मोहल्ले के गेट और आसपास के घरों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज को खंगाला। फुटेज में बाइक सवार अपराधियों की गतिविधि साफ नजर आ रही है। थानेदार विपिन कुमार ने बताया कि पुलिस फुटेज के आधार पर अपराधियों के हुलिए और बाइक के नंबर का पता लगाने की कोशिश कर रही है। महिला के बयान के आधार पर कार्रवाई की जा रही है।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।