ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News बिहार मुजफ्फरपुरफर्जी पत्र से चेक पोस्ट पर चल रहा था उगाही का खेल

फर्जी पत्र से चेक पोस्ट पर चल रहा था उगाही का खेल

सकरा के मारकन चेकपोस्ट पर अवैध वसूली का बड़ा खेल चल रहा था। चेकपोस्ट से पूरब करीब सौ मीटर की दूरी पर दो दिनों से पुलिस की मदद से एक निजी संस्था के सदस्य वाहन जांच अभियान चला रहे थे। छोटे-बड़े वाहनों...

फर्जी पत्र से चेक पोस्ट पर चल रहा था उगाही का खेल
हिन्दुस्तान टीम,मुजफ्फरपुरMon, 23 Sep 2019 01:50 AM
ऐप पर पढ़ें

सकरा के मारकन चेकपोस्ट पर अवैध वसूली का बड़ा खेल चल रहा था। चेकपोस्ट से पूरब करीब सौ मीटर की दूरी पर दो दिनों से पुलिस की मदद से एक निजी संस्था के सदस्य वाहन जांच अभियान चला रहे थे। छोटे-बड़े वाहनों में प्राथमिक चिकित्सा किट, अग्निशमन यंत्र और रेडियम रिफ्लेक्टर पट्टी लगा रहे थे। ग्रामीणों के मुताबिक, इस दौरान अवैध वसूली भी की जा रही थी। वाहन चालक व मालिकों से सौ से पांच सौ रुपये तक वसूले जा रहे थे। शनिवार को घटना के बाद हंगामा कर रहे लोगों ने एसएसपी से भी इस बारे में शिकायत की थी। हवलदार की हत्या व कारबाइन लूट के बाद संस्था के सभी कर्मी फरार हो गए हैं।

पुलिस की प्रारंभिक छानबीन में मिली शिकायतों के अनुसार, वाहन जांच अभियान के लिए जारी पुराने विभागीय पत्र में टेम्परिंग कर पुलिस के समक्ष प्रस्तुत किया गया था। पूर्वी चंपारण के दामोदर मेहसी से संचालित मातृ जन कल्याण समिति सह प्रशिक्षण संस्थान की ओर से दिलीप कुमार सिंह ने सकरा थाने में उक्त फर्जी आदेश पत्र प्रस्तुत किया था। उसने मुजफ्फरपुर के वरीय पुलिस अधीक्षक की स्वीकृति का हवाला दिया था। इससे स्थानीय पुलिस पदाधिकारी झांसे में आ गए।

बताया जाता है कि पूर्व में उक्त पत्र के संबंध में उत्तरप्रदेश के मऊ जनपद के वरीय पुलिस अधीक्षक को आवेदन दिया गया था। इसपर उनके द्वारा 11 सितंबर 2015 को सभी थाना को आदेश दिया गया था। इसे काटकर पेन से मुजफ्फरपुर लिखा गया और उसपर किए गए हस्ताक्षर को सिटी एसपी का हस्ताक्षर बनाया गया। इसमें अनुलग्नक के रूप में वर्ष 2017 में निर्गत मुजफ्फरपुर प्रक्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक कार्यालय के एक पत्र को दिया गया, जो उप महानिरीक्षक के नाम आवश्यक कार्रवाई और पुलिस बल का सहयोग दिलाने से संबंधित है। पत्र और अनुलग्नक के आलोक में सकरा के प्रभारी थानाध्यक्ष ने पुलिस बल सहयोग में उपलब्ध कराया और संस्था के सदस्य अभियान चलाने लगे।

पहले पीपरी में अभियान चलाया, वाहन चालकों ने खदेड़ा

पूर्व में संस्था के सदस्यों ने सकरा थाना में तैनात होमगार्ड जवानों के सहयोग से एनएच 28 पर पीपरी चौक के पास वाहन जांच अभियान चलाया था। वहां से वाहन चालकों व ग्रामीणों ने खदेड़ दिया। इसके बाद जब सकरा थाना में तैनात पुलिस बल ने इससे इंकार किया, तब मारकन चेकपोस्ट पर तैनात पुलिस को सहयोग में लगाया गया।

मातृ जन कल्याण समिति सह प्रशिक्षण संस्थान ने सकरा थाने में रिफ्लेक्टर का स्टीकर चिपकवाने के लिए आवेदन दिया था। लेकिन उसे इस कार्य के लिए आदेश नहीं दिया गया था। इसमें सकरा पुलिस के शामिल होने की सूचना मिली है। इसकी जांच डीएसपी स्तर के अधिकारी से कराई जा रही है। जांच रिपोर्ट के आधार पर पुलिस पदाधिकारी और संस्थान पर कार्रवाई होगी।

-मनोज कुमार, एसएसपी

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें