
लोन दिलाने के नाम पर पैसे ठगने वाले दो भाइयों को दबोचा
कुढ़नी में, तुर्की थाना क्षेत्र के चढ़ुआ दुधिया पोखर के पास पुलिस ने लोन दिलाने और खाता खोलने के नाम पर ठगी करने वाले दो आरोपितों को गिरफ्तार किया। विशाल कुमार और उसके भाई यश कुमार को पकड़ा गया, जिनके पास से फर्जी दस्तावेज और नकद बरामद हुए। दोनों आरोपित पूर्व में एक बंद कंपनी के लिए काम करते थे।
कुढ़नी, एक संवाददाता। तुर्की थाना क्षेत्र के चढ़ुआ दुधिया पोखर के पास मंगलवार को लोन दिलाने और खाता खोलने के नाम पर पैसे ठगने वाला शातिर पुलिस के हत्थे चढ़ गया। आरोपित विशाल कुमार (26) की निशानदेही पर उसके छोटे भाई यश कुमार (23) को पुलिस ने तुर्की ओवरब्रिज के पास से गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपित वैशाली जिले के महुआ थाने के कुतुबपुर का निवासी है। विशाल के पास से 92 पीस पंपलेट, दो पासबुक, दो मेंबरशिप फॉर्म, 1100 नकद और चोरी की बाइक बरामद हुई है। बताया जाता है कि जिस माइक्रो फाइनेंस कंपनी के नाम पर दोनों ठगी कर रहे थे, वह कंपनी 2024 में बंद हो गई।
ग्रामीण सोनू कुमार ने पुलिस को बताया कि मंगलवार को आरोपित विशाल कुमार गांव में पैसे लेकर खाता खोल रहा था। उन्होंने गूगल पर सर्च किया तो प्रयास बचत विकास निधि लिमिटेड कंपनी के निदेशक का नंबर मिला। इसके बाद कांटी निवासी कंपनी के निदेशक कृष्ण कुमार से बात की। निदेशक ने बताया कि उक्त कंपनी 2024 से बंद है, जिसके बाद निदेशक ने तुर्की पुलिस को सूचना दी। निदेशक ने मोबाइल पर पुलिस को बताया कि दोनों आरोपित पहले मेरे साथ काम करते थे। कंपनी बंद होने के बाद से दोनों ने पंपलेट बनाकर फर्जी तरीके से पैसे की ठगी करने लगे। पुलिसिया पूछताछ में विशाल ने बताया कि मेंबरशिप के नाम पर वसूली गई राशि अपने भाई यश कुमार के बैंक खाते में यूपीआई के माध्यम से भेजता था। उसने गिरोह से जुड़े विकास कुमार नाम के एक युवक के बारे में बताया है। वह फर्जी मुहर और पासबुक उपलब्ध कराता था। इधर, तुर्की थानेदार संदीप कुमार महतो ने बताया कि दो शातिरों को गिरफ्तार किया गया है। दोनों ने कई खुलासे किए हैं, जिसके आधार पर निशानदेही पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




