नौकरी के नाम पर 10 लाख की ठगी, स्वास्थ्य कर्मी पर एफआईआर
मुजफ्फरपुर में स्वास्थ्य विभाग में नौकरी दिलाने के नाम पर नरेश कुमार से 10 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। सुनील कुमार पर आरोप है कि उसने 2017 में नौकरी लगवाने का भरोसा दिलाया और पैसे लेकर गायब हो गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

मुजफ्फरपुर, प्रमुख संवाददाता। स्वास्थ्य विभाग में नौकरी दिलाने के नाम पर 10 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। अहियापुर थाना क्षेत्र के टरमा निवासी नरेश कुमार (58) ने पूर्व चंपारण के मेहसी प्राथमिक उपस्वास्थ्य केंद्र में पदस्थापित सरकारी कर्मी सुनील कुमार पर ठगी का आरोप लगाते हुए एफआईआर दर्ज कराई है। अहियापुर थानेदार शरत कुमार ने बताया कि छानबीन की जा रही है। साक्ष्य के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।
आरोप और साक्ष्य
नरेश ने पुलिस को बताया है कि उनकी जान-पहचान सुनील से पिछले 10 साल से है। सुनील के पड़ोस में उसके समधी का घर है। वहां आने-जाने के दौरान दोनों में गहरी दोस्ती हो गई। सुनील मूलरूप से पूर्वी चंपारण के राजेपुर थाना क्षेत्र के सिमराहां गांव का रहने वाला है। वर्तमान में वह अहिापुर थाना के चकमोहब्बत मोहल्ला में रहता है। आरोप लगाया है कि वर्ष 2017 में सुनील ने नरेश से कहा कि वह उनके बेटे की नौकरी स्वास्थ्य विभाग में लगवा देगा। इसके लिए 15 लाख रुपये खर्च होंगे। 10 लाख रुपये पहले देने होंगे। ज्वाइनिंग लेटर मिलने पर पांच लाख देने होंगे। भरोसा कर नरेश ने समधी शोभा राय, नसीरुद्दीन, रामचंद्र राय और हरिहर राय की मौजूदगी में सुनील को आठ लाख नकद और दो लाख रुपये के दो चेक दिए। सुनील ने चेक से रकम अपने खाते में ट्रांसफर कर लिए।
आर्थिक धोखाधड़ी का इंतजार
कई वर्षों तक देता रहा आश्वासन, अब फोन नहीं करता रिसीव
नरेश बताया कि रुपये देने के बाद वह बेटे की नौकरी लगने का इंतजार करते रहे। दिसंबर 2018 तक ज्वाइनिंग लेटर नहीं मिला तो तकादा किया। सुनील दिसंबर 2019 तक आज-कल का आश्वासन देता रहा। जब 2019 तक लेटर नहीं आया तो उन्होंने 10 लाख रुपये वापस मांगे। सुनील ने गवाहों के सामने पैसे लौटाने का भरोसा दिया, लेकिन आज तक रकम नहीं लौटाई। सुनील अब फोन रिसीव नहीं करता। चकमोहब्बत स्थित आवास पर आना-जाना भी बंदकर दिया है।
अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


