चाय दुकानदार के खाते पर दो लाख का लोन उठाया
मुजफ्फरपुर में एक चाय दुकान के कर्मियों ने यूपीआई ऐप के क्यूआर कोड स्कैनर मशीन का साउंड बॉक्स ठीक करने के बहाने दो लाख रुपये का लोन ले लिया। इसमें से 92 हजार रुपये की निकासी भी की गई। जब दुकान के मालिक को ईएमआई कटने की जानकारी मिली, तब उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।

मुजफ्फरपुर, प्रसं। यूपीआई ऐप के क्यूआर कोड स्कैनर मशीन का साउंड बॉक्स ठीक करने आए कर्मियों ने ब्रह्मपुरा की चाय दुकान के नाम पर दो लाख रुपये का लोन उठा लिया। उसमें से तत्काल 92 हजार रुपये की निकासी भी कर ली। जब खाते से हर दिन 449 रुपये का ईएमआई कटना शुरू हुआ तो दुकानदार को इसकी जानकारी हुई। इसको लेकर पीड़ित चाय दुकानदार लालबाबू साह के पुत्र विनोद कुमार के आवेदन पर ब्रह्मपुरा थाने में केस दर्ज किया गया। विनोद ने बताया कि पिता लालबाबू की चाय दुकान में लगे क्यूआर कोड वाले मशीन का साउंड बॉक्स खराब हो गया था।
रुपये की रिसीविंग का साउंड नहीं आ रहा था। इस मशीन के साउंड बॉक्स को ठीक करने के लिए यूपीआई कंपनी के कर्मी मनोज कुमार बीते पांच अप्रैल को दुकान पर आए। उसने केवाईसी करने के लिए पिता से मोबाइल ले लिया। इसी बहाने उसने यूपीआई ऐप से दो लाख रुपये का लोन उठा लिया। लोन की राशि खाते में आई तो उसमें से तत्काल 92 हजार रुपये सलाउद्दीन नामक व्यक्ति के खाते में ट्रांसफर कर लिया। उठाए गए लोन का ईएमआई कटना शुरू हुआ तो बैंक में जाकर चाय दुकानदार ने छानबीन कराई। इसमें लोन उठाए जाने की जानकारी हुई। थानेदार विपिन रंजन ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


