
रमा बनीं जिले से पहली महिला मंत्री
औराई विधायक रमा निषाद ने मुजफ्फरपुर के राजनीतिक इतिहास में एक नया अध्याय जोड़ा है। वे आजादी के बाद जिले से मंत्री बनने वाली पहली महिला विधायक हैं। रमा ने सभी 11 विधानसभा सीटों पर सबसे अधिक वोट से जीत हासिल की और बाढ़ग्रस्त इलाके में विकास की उम्मीद जगाई है।
मुजफ्फरपुर, हिन्दुस्तान टीम सूबे की नई सरकार में मंत्री बनी औराई विधायक रमा निषाद ने जिले के राजनीतिक इतिहास में एक नया अध्याय जोड़ दिया है। रमा आजादी के बाद जिले से मंत्री बनने वाली पहली महिला विधायक हैं। साथ ही, वह जिले में निषाद समाज से कैबिनेट मंत्री बनने वाली भी पहली विधायक हैं। औराई से भाजपा के टिकट पर चुनाव जीतने से लेकर मंत्री बनने तक रमा ने कई रिकॉर्ड बनाए हैं। उन्होंने न केवल मुजफ्फरपुर जिले की सभी 11 विधानसभा सीटों पर सबसे अधिक 57,206 वोट के अंतर से जीत दर्ज की बल्कि सूबे में भी सबसे बड़ी जीत दर्ज करने वाले पांच उम्मीदवारों में शामिल रहीं।

वार्ड पार्षद से मंत्री तक का सफर वार्ड पार्षद से मंत्री बनने तक का सफर तय करने वाली रमा मुजफ्फरपुर से दो बार सांसद रहे अजय निषाद की पत्नी और दिग्गज नेता कैप्टन जयनारायण निषाद की बहू हैं। वे सार्वजनिक जीवन में 20 साल से अधिक से सक्रिय हैं। हाजीपुर नगर परिषद की वार्ड पार्षद, उपाध्यक्ष और सभापति रह चुकी हैं। रमा ने 2007 में हाजीपुर नगर परिषद के चुनाव में निर्विरोध चुनाव जीतकर रिकॉर्ड बनाया था। इंटर पास रमा 2007 से 2012 तक हाजीपुर नगर परिषद की सभापति रहीं। उन्होंने 2012 में हुए हाजीपुर नगर परिषद के चुनाव में एक बार फिर सबसे ज्यादा रिकॉर्ड मतों से जीत दर्ज की। 2017 में हाजीपुर नगर परिषद् से उपसभापति होकर शहर की पुनः सेवा की। वे वैशाली जिले के बीस सूत्री कार्यक्रम में सदस्य रहीं। वे 2007 से 2014 तक वैशाली जिला में ही योजना समिति की सदस्य रहीं। पति ही नहीं, ससुर के चुनाव प्रबंधन से भी निभाई सक्रिय भूमिका घर में राजनीतिक और सामाजिक माहौल देख रमा समाजसेवा से जुड़ गईं। पति ही नहीं, ससुर के चुनाव प्रबंधन में भी सक्रिय भूमिका निभाई। 1996 में ससुर कैप्टन जयनारायण प्रसाद निषाद मुजफ्फरपुर से संसदीय चुनाव में भाग्य आजमा रहे थे तो रमा उनके चुनाव प्रबंधन से जुड़ी थीं। राजनीति से सीधे जुड़ने का यह उनका पहला मौका था। यह सिलसिला बाद में पति अजय निषाद के संसदीय चुनावों में भी जारी रहा। सक्रिय राजनीति से वर्ष 2007 में हाजीपुर नगर परिषद के चुनाव से उतरीं। बाढ़ग्रस्त इलाके में बदलाव की जगी उम्मीद रमा निषाद के मंत्री बनने से बाढ़ग्रस्त औराई के लोगों में बड़ी उम्मीद जगी है। लोगों का कहना कि उनके मंत्री बनने से क्षेत्र के विकास में मदद मिल सकती है। यह बाढ़ ग्रस्त इलाका है। उम्मीद है कि रमा चचरी पुलों की समस्या खत्म कर क्षेत्र को मजबूत पुल-पुलिया और बेहतर सड़क सुविधाओं से जोड़ेंगी। अंतहीन समस्या का समाधान होगा। बयान: बड़ी जवाबदेही, काम से बनाऊंगी पहचान यह बड़ी जिम्मेवारी है। जनता ने जिस तरह अपने मत से मुझ पर विश्वास जताया है, उनके भरोसे पर अपने काम की बदौलत खरा उतरना चाहती हूं। राजनीति में आना बड़ी बात नहीं, बल्कि बड़ी जवाबदेही को ठीक तरह से निभाना बड़ी बात है। यह गर्व का क्षण है। लेकिन, इसे और बेहतर बनाने के लिए मंत्री के तौर पर मिलने वाले विभाग में काम कर अपनी पहचान बनाना चाहती हूं। अपने क्षेत्र के लोगों की समस्या दूर करना मेरी पहली प्राथमिकता होगी। -रमा निषाद

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




