
दो बाइकों की सीधी टक्कर में युवक की मौत, तीन घायल
बरियारपुर थाना क्षेत्र में हुस्सेपुर चौक के पास दो बाइकों की टक्कर में 23 वर्षीय भोलू कुमार की मौत हो गई। तीन अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। सभी को सदर अस्पताल मुजफ्फरपुर में भर्ती कराया गया है। परिजनों ने बताया कि भोलू और उसका चचेरा भाई रिशु कुमार छठ के समय घर आए थे।
सकरा, हिन्दुस्तान संवाददाता। बरियारपुर थाना क्षेत्र के महुआ-मुजफ्फरपुर सड़क पर सोमवार को हुस्सेपुर चौक के पास दो बाइकों की सीधी टक्कर में एक युवक की मौत हो गई। वहीं, तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची बरियारपुर थाने की पुलिस ने स्थानीय लोगों के सहयोग से चारों को सदर अस्पताल मुजफ्फरपुर में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों ने मुरौल प्रखंड के बसंतपुर बखरी निवासी हरिंद्र महतो के पुत्र भोलू कुमार (23) को मृत घोषित कर दिया, जबकि मृत युवक के चचेरे भाई मनटुन महतो के पुत्र रिशु कुमार (22) और दूसरी बाइक पर सवार वैशाली के गंगटी निवासी पाचू राय के पुत्र सत्येंद्र राय व दुलारे राय के पुत्र राजीव राय का सदर अस्पताल में इलाज चल रहा है।
घायल रिशु कुमार की हालत नाजुक बताई जा रही है। परिजनों ने पुलिस को बताया कि भोलू और रिशु दोनों तमिलनाडु में रहकर मजदूरी करते थे। छठ के समय दोनों घर आए थे। जनवरी में दोनों तमिलनाडु जाने वाले थे। परिजनों ने बताया कि दोनों बाइक से रिश्तेदार के घर जा रहे थे। इधर, बरियारपुर थानेदार अरविंद कुमार ने बताया कि दो बाइकों की टक्कर में एक युवक की मौत हो गई। तीन घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। दुर्घटनाग्रस्त दोनों बाइक जब्त कर ली गई है। परिजनों की ओर से आवेदन मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस पर देरी से पहुंचने का लगाया आरोप : ग्रामीणों ने बरियारपुर थाने की डायल 112 पुलिस पर देरी से पहुंचने का आरोप लगाया है। ग्रामीणों ने बताया कि पुलिस नहीं पहुंची तो थानेदार को फोन किया गया। इसके बाद थानेदार ने पहुंचकर घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




