एक हजार किसानों से खरीदा जाएगा धान
रूपवाड़ा मड़वन फेड फार्मर्स एफपीओ ने मड़वन प्रखंड क्षेत्र में लगभग 1000 किसानों के साथ धान खरीद के लिए एमओयू पर हस्ताक्षर किया है। इस पहल का उद्देश्य किसानों को उचित मूल्य, जोखिम में कमी और आर्थिक सशक्तीकरण प्रदान करना है। फेडरेशन द्वारा तकनीकी मार्गदर्शन और पारदर्शी भुगतान प्रक्रिया की भी व्यवस्था की गई है।

मड़वन, एक संवाददाता। रूपवाड़ा मड़वन फेड फार्मर्स एफपीओ द्वारा मड़वन प्रखंड क्षेत्र में धान खरीद को लेकर एक महत्वपूर्ण पहल की गई है। कंपनी ने ई-मड़वन एफपीओ, मुज-मड़वन एफपीओ तथा गवसरा किसान समूह से जुड़े लगभग 1000 किसानों के साथ धान खरीद के लिए एमओयू पर हस्ताक्षर किया है। इस पहल का मुख्य उद्देश्य उपज का उचित और सुनिश्चित मूल्य उपलब्ध कराना, बाजार के उतार-चढ़ाव से होने वाले जोखिम को कम करना तथा स्थानीय स्तर पर कृषि आधारित आर्थिक सशक्तीकरण को बढ़ावा देना है। समझौते के अनुसार किसानों को पूर्व निर्धारित दर पर धान बेचने की गारंटी मिलेगी। गुणवत्ता मानकों के अनुरूप उपज की खरीद की जाएगी तथा भुगतान पारदर्शी प्रक्रिया के तहत निर्धारित समयसीमा में किया जाएगा।
इसके अतिरिक्त फेडरेशन द्वारा किसानों को तकनीकी मार्गदर्शन और बाजार समन्वय भी उपलब्ध कराया जाएगा। कंपनी के निदेशक मंडल ने इसे किसानों की आय वृद्धि और संगठनात्मक सुदृढ़ीकरण की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम बताया। इस अवसर पर महंत मृत्युंजय दास, ज्ञान प्रकाश, रामनरेश सिंह, उमेश राम, रामनंदन सहनी, मुनिदेव सिंह तथा कमलेश सहनी सहित कई प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



