
डीएपी व मिक्चर की किल्लत से मायूस लौट रहे किसान
गायघाट में इफको ई-बाजार में डीएपी और मिक्चर की किल्लत के कारण किसान मायूस हैं। किसानों ने बताया कि खाद नहीं मिलने से उनकी फसलें प्रभावित हो रही हैं। बाजार में डीएपी की कालाबाजारी हो रही है, जिसकी कीमत 1600 से 1800 रुपये प्रति बैग है। बीएओ ने कहा कि जैसे ही नए खाद की खेप आएगी, किसानों को सूचित किया जाएगा।
गायघाट, एक संवाददाता। प्रखंड मुख्यालय स्थित इफको ई-बाजार में डीएपी व मिक्चर की किल्लत के कारण प्रतिदिन दर्जनों किसान मायूस होकर लौट रहे हैं। मंगलवार को डीएपी लेने पहुंचे किसानों को भी खाली हाथ ही लौटना पड़ा। डीएपी लेने आए हनुमान नगर गांव के किसान बजरंगी राय, दहिया के धर्मेंद्र कुमार, जारंग के विपिन सिंह, धोबौली के राकेश कुमार व असिया के किसान रघुवीर महतो ने बताया कि डीएपी व मिक्चर के अभाव में आलू, तेलहन एवं दलहन की खेती प्रभावित हो रही है। किसानों का कहना है कि समय पर खाद नहीं मिलने से बुआई का काम ठप पड़ गया है।
बाजार में डीएपी की कालाबाजारी हो रही है। यह 1600 से 1800 रुपये प्रति बैग बिक रहा है। वहीं, इसका निर्धारित दर 1350 रुपये है। मजबूरी में कई किसान ऊंचे दाम पर खाद खरीदने को विवश हैं। उनका कहना है कि बाढ़ के कारण रबी फसलों की बुआई पहले ही पिछड़ चुकी है। अब खाद की किल्लत ने संकट और बढ़ा दिया है। बताया कि इफको ई-बाजार में फिलहाल केवल यूरिया ही उपलब्ध है। मामले में बीएओ अभिषेक कुमार ने बताया कि गोदाम में यूरिया, नैनो डीएपी व नैनो यूरिया समेत अन्य खाद उपलब्ध हैं। जैसे ही डीएपी और मिक्चर की खेप पहुंचेगी किसानों को सूचित कर दिया जाएगा।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




