उपवितरणी पर लगेगा फाटक, नहर से हटेगा अतिक्रमण
सिउरी गोपीनाथपुर गांव में तिरहुत नहर के पानी से 25 एकड़ से अधिक फसलें डूब गईं। अधिकारियों ने नहर की स्थिति की जांच की और किसानों से जानकारी ली। सहायक अभियंता ने कहा कि नहर पर फाटक लगाया जाएगा और मरम्मत के लिए एस्टीमेट तैयार किया जाएगा। किसानों की समस्याओं के समाधान के लिए विभागीय पोर्टल भी बनाया गया है।

सरैया, हिन्दुस्तान संवाददाता। सिउरी गोपीनाथपुर गांव में तिरहुत नहर के पानी से 25 एकड़ से अधिक में फसल डूबने की रविवार को तिरहुत नहर प्रमंडल मुजफ्फरपुर के अधिकारियों ने जांच की। कार्यपालक अभियंता ई. पुष्कर, सहायक अभियंता ई. प्रशांत यादव एवं कनीय अभियंता चंद्रकांत कुमार ने किसानों से नहर की स्थिति और फसल क्षति की जानकारी ली। सहायक अभियंता ने बताया कि उपवितरणी पर शीघ्र फाटक लगाया जाएगा। साथ ही नहर से अतिक्रमण हटवा कर मरम्मत के लिए एस्टीमेट बनाकर वीबी जी रामजी से नहर उड़ाही एवं क्षतिग्रस्त तटबंध मरम्मत का कार्य कराया जाएगा। किसानों ने अधिकारियों को बताया कि पोखरैरा से गंगौलिया की ओर जाने वाली मुख्य नहर से सिउरी गोपीनाथपुर गांव की तरफ निकली उपवितरणी के मुहाने पर फाटक नहीं होने तथा नहर की जर्जर स्थिति व अतिक्रमण के कारण पानी ओवरफ्लो होकर खेतों में फैल गया, जिससे फसलें डूब गईं।
सहायक अभियंता प्रशांत यादव ने बताया कि सिउरी गांव में नहर का निरीक्षण किया गया। पाया गया कि नहर के ऊपर बिना ह्यूम पाइप लगाए सड़क निर्माण कर दिया गया है, जिससे नहर का पानी बाधित हो गया और पानी ओवरफ्लो होकर खेतों में फैल गया। सहायक अभियंता ने बताया कि किसानों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए विभागीय पोर्टल बनाया गया है, जिस पर किसान अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं। उन्होंने कहा कि किसानों के हित और सिंचाई सुविधा को बेहतर बनाने के लिए विभाग स्तर पर हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


