किसान को गोली मारने में हत्या के प्रयास का केस
17 फरवरी को नारायणपुर गांव में किसान रवींद्र राय को गोली मारने की घटना में प्राथमिकी दर्ज की गई है। रवींद्र ने बताया कि जब वह अपने तंबाकू के खेत में सिंचाई कर रहे थे, तब छह लोग आए और गोली चला दी। पुलिस ने सभी आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है।

सरैया, हिन्दुस्तान संवाददाता। थाना क्षेत्र के नारायणपुर गांव में 17 फरवरी को किसान रवींद्र राय (60) को गोली मारने के मामले में सरैया थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई। एसकेएमसीएच के इमरजेंसी वार्ड में इलाजरत रवींद्र राय द्वारा मेडिकल ओपी के पीएसआई को दिए गए फर्द बयान के आधार पर छह लोगों पर नामजद केस दर्ज किया गया है, जिसमें हत्या के प्रयास का जिक्र किया गया है। घायल रवींद्र राय ने पुलिस को बताया कि 17 फरवरी को वे अपने तंबाकू के खेत में सिंचाई कर रहे थे। इसी दौरान दो बाइक पर सवार उनका भतीजा जीतेश राय, बहनोई वैशाली जिले के लालगंज थाने के सलेमपुर निवासी रोहित राय, बेलसर थाने के सोहरथा निवासी राजेश राय और जैतपुर थाने के बिसरपट्टी निवासी विकास राय सहित छह लोग आ धमके और तंबाकू मांगने लगे।
जीतेश राय के पास पिस्टल थी। स्थिति को भांपते हुए वह भागने लगे। करीब दो सौ मीटर तक खदेड़े जाने के बाद कचरा प्रबंधन इकाई भवन के पास गिर पड़े। पीछा करते हुए आरोपितों ने उन्हें घेर लिया और पीठ में गोली मार दी। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी फरार हो गए। थानेदार सुभाष मुखिया ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। सभी आरोपित घर छोड़कर फरार हैं। गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


