
कांटी ऑनलाइन केंद्र से रेलवे का फर्जी परीक्षार्थी धराया
मुजफ्फरपुर में रेलवे लेवल वन (ग्रुप डी) की परीक्षा में एक फर्जी परीक्षार्थी पकड़ा गया। वह अपने छोटे भाई की जगह परीक्षा देने आया था। बॉयोमेट्रिक जांच में उसकी असली पहचान उजागर हुई, और आरपीएफ ने उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने इस मामले में उचित कानूनी कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
मुजफ्फरपुर/कांटी। हिटी.। रेलवे लेवल वन (ग्रुप डी) की परीक्षा में कांटी स्थित ऑनलाइन परीक्षा केंद्र से रविवार को फर्जी परीक्षार्थी पकड़ा गया। वह अपने छोटे भाई की जगह परीक्षा देने आया था। बॉयोमेट्रिक जांच के दौरान पकड़े जाने पर उसने भागने का प्रयास किया, जिसे आरपीएफ जवानों ने खदेड़कर दबोच लिया। इसके बाद कांटी थाना की पुलिस को बुलाकर युवक को उनके हवाले कर दिया। मामले में ऑनलाइन परीक्षा केंद्र के वीसीओ मो.आरिफ अली ने कांटी थाने में फर्जी परीक्षार्थी सकरा के गन्नीपुर बेझा निवासी अविनाश राय के पुत्र राजेश कुमार और उसके छोटे भाई राजा कुमार के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है।
पुलिस पूछताछ के बाद सोमवार को कानूनी कार्रवाई करेगी। फर्जी परीक्षार्थी से आरपीएफ के दारोगा गोकुलेश पाठक ने भी पूछताछ की। साथ ही इसकी जानकारी आरपीएफ कंट्रोल को दी है। फर्जी परीक्षार्थी ने पूछताछ में पुलिस को बताया कि छोटे भाई की तबीयत खराब थी। इसी वजह से वह उसकी जगह परीक्षा देने आया था। इसके लिए नकली आधार कार्ड व पैन कार्ड भी राजा के नाम से बनाया था, जिसपर अपनी तस्वीर लगाए हुए थे। इसकी पुष्टि कांटी थानेदार रविकांत पाठक ने की है। अंगूठा लगाते ही पकड़ा गया राजेश : बताया गया कि कांटी स्थित ऑनलाइन केंद्र पर रविवार को दूसरी पाली में अभ्यर्थी परीक्षा हॉल में प्रवेश कर रहे थे। इस दौरान राजेश ने भी प्रवेश किया। कागजात की जांच में क्लिन चिट मिल गई।बॉयोमेट्रिक जांच में अंगूठा लगाने पर नाम व अन्य जानकारी सही मिली, पर तस्वीर अलग थी। राजेश ने बचपन की तस्वीर बता बचने की कोशिश की, पर बच नहीं सका।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




