सीटेट में धराया तीन फर्जी परीक्षार्थी, दो दर्जन का आधार मिसमैच
मुजफ्फरपुर में केन्द्रीय शिक्षक पात्रता परीक्षा के दौरान तीन फर्जी परीक्षार्थी पकड़े गए। ये सभी मधुबनी जिले के निवासी हैं और इन्होंने असली परीक्षार्थियों की जगह परीक्षा दी। परीक्षा में शामिल होने वाले 43 हजार में से 90 फीसदी ने भाग लिया। कुछ केन्द्रों पर आधार मिसमैच की भी घटनाएँ हुईं।

मुजफ्फरपुर, प्रमुख संवाददाता केन्द्रीय शिक्षक पात्रता परीक्षा (सीटेट) के दौरान शनिवार को शहर के दो केन्द्र रघुनाथ पांडे मेमोरियल लॉ कॉलेज से एक और वैशाली इंस्टीट्यूट से दो फर्जी परीक्षार्थी धरे गए। तीनों परीक्षार्थी मधुबनी जिले के रहने वाले हैं जो वहीं के अभ्यर्थी की जगह परीक्षा में शामिल हुए थे। केन्द्राधीक्षकों ने पुलिस-प्रशासन को इसकी सूचना दी। तीनों दूसरी पाली में परीक्षा में शामिल हुए थे। जिले में 52 केन्द्रों पर सीटेट का आयोजन हुआ। कई केन्द्रों पर एक पाली तो कई पर दो पाली में परीक्षा हुई। 43 हजार परीक्षार्थी आवंटित थे, जिसमें 90 फीसदी शामिल हुए। विभिन्न केन्द्रों पर दो दर्जन से अधिक परीक्षार्थियों का आधार मिसमैच हुआ तो एक केन्द्र पर देर से प्रश्नपत्र पहुंचा।
दिल्ली से टीम ने दी केन्द्रों को फर्जी परीक्षार्थी की सूचना: फर्जी परीक्षार्थी की सूचना दिल्ली की टीम ने केन्द्र को दी। सीटेट को लेकर केन्द्रीय स्तर से निगरानी की व्यवस्था सभी केन्द्रों के लिए की गई है। दूसरी पाली में परीक्षार्थियों की जांच और बायोमेट्रिक मिलान हो गया। इसी बीच बायोमेट्रिक के आधार पर दिल्ली की टीम ने सूचना दी कि संबंधित परीक्षार्थी फर्जी है। वह किसी और की जगह बैठा है। केन्द्राधीक्षकों ने बताया कि मामले में एफआईआर कराई जा रही है। मिठनपुरा थानाध्यक्ष ने बताया कि रघुनाथ पांडे मेमोरिसल लॉ कॉलेज में रतन कुमार पासवान का सेंटर था। उसके पिता का नाम राजेश्वर पासवान है। वह मधुबनी के खजौली थाने के दतुआर गांव का निवासी है। उसकी जगह मधुबनी के ही रामदेव राम का पुत्र संतोष कुमार राम परीक्षा देते पकड़ा गया है। वहीं, वैशली इंस्टीट्यूट केन्द्र पर दूसरी पाली में दो फर्जी परीक्षार्थी धरे गए। केन्द्राधीक्षक ने बताया कि रिपोर्ट मिली कि दो फर्जी परीक्षार्थी परीक्षा दे रहे हैं। बायोमेट्रिक में ये धरे गए। नीतिश की जगह पर अजीत कुमार को परीक्षा देते धरा गया जो खुटौना मधुबनी का निवासी है। वहीं, राहुल कुमार राम की जगह पप्पू कुमार शर्मा परीक्षा देने आया था। यह बाबूबरही मधुबनी का रहने वाला है। दोनों के खिलाफ केस दर्ज कराया जा रहा है। देर से पहुंचा प्रश्नपत्र, मिला अतिरिक्त समय : इंटर परीक्षा के साथ ही शनिवार को सीटेट परीक्षा भी थी। दोनों परीक्षाएं मिलाकर 80 हजार से अधिक परीक्षार्थियों की भीड़ के कारण शहर में जाम की स्थिति रही। ऐसे में टावर चौक पर सीटेट प्रश्नपत्र ले जाने वालीं गाड़ियां भी फंसी। कुछ केन्द्र पर परीक्षा शुरू होने तक प्रश्नपत्र पहुंच गया। वहीं, विजडम स्कूल केन्द्र पर प्रश्नपत्र 10 मिनट देरी से पहुंचा। सिटी कोऑर्डिनेटर ने बताया कि इस केन्द्र पर 10 मिनट अतिरिक्त समय परीक्षार्थियों को दिया गया। इस केन्द्र पर एक ही पाली में परीक्षा हुई। थंब मिला महज 30 प्रतिशत, आधा घंटा लगा जांच में : डीएवी बखरी, इन्द्रप्रस्थ स्कूल समेत कई केन्द्रों पर ऐसे परीक्षार्थी मिले, जिनका आधार मिसमैच हो रहा था। वहीं, कई परीक्षार्थियों का थंब मिलान महज 30 फीसदी आ रहा था। ऐसे परीक्षार्थियों की कई स्तर पर जांच की गई, जिसमें आधा घंटा तक समय लगा। कई मामलों में सीबीएसई को सूचना दी गई और वहां से हरी झंडी मिलने पर ही परीक्षा में शामिल होने की अनुमति दी गई। भाषा में थोड़ी कठिनाई, बालशास्त्र के सवाल आसान : परीक्षा देकर निकल अभ्यर्थियों ने कहा कि पेपर टू थोड़ा कठिन था। पेपर एक मिलाजुला रहा। भाषा के दो पेपर में थोड़ी कठिनाई हुई है। अधिकांश परीक्षार्थियों ने कहा कि बालशास्त्र के सवाल आसान थे। कुछ ने कहा कि समय प्रबंधन चुनौतीपूर्ण रहा, लेकिन सवाल सिलेबस के दायरे में ही पूछे गए थे।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


