Muzaffarpur News: कॉलेजों में इंटर्नशिप के नाम पर वसूली
Muzaffarpur News: एक्सक्लूसिव : -लोकभवन ने नि:शुल्क इंटर्नशिप कराने का दिया था निर्देश -स्नातक के छात्रों से

Muzaffarpur News: मुजफ्फरपुर, प्रमुख संवाददाता। स्नातक के छात्रों से इंटर्नशिप के नाम पर कॉलेजों में वसूली हो रही है। इंटर्नशिप कराने के लिए एक हजार रुपये तक लिये जा रहे हैं। इसकी शिकायत राज्यपाल से की गई है। लोकभवन ने छात्रों को इंटर्नशिप मुफ्त में कराने का निर्देश दिया है।
छात्रों की शिकायत
छात्रों ने राज्यपाल को भेजे ई-मेल में कहा है कि कॉलेजों में लोकभवन के निर्देश का उल्लंघन किया जा रहा है। छात्रों से मनमानी राशि वसूली जा रही है, इसलिए लोकभवन को इसमें हस्तक्षेप करते हुए मामले की तुरंत जांच करानी चाहिए। इंटर्नशिप के नाम पर विद्यार्थियों से ली जाने वाली यह राशि पूरी तरह से अवैध है। इस मामले पर बीआरएबीयू के डीएसडब्ल्यू प्रो. आलोक प्रताप सिंह का कहना है कि उनके पास अभी शिकायत नहीं आयी है। अगर ऐसा मामला है तो इसकी जांच करायी जायेगी।
कॉलेज ने इंटर्नशिप के लिए खुद तय की है एजेंसी
कॉलेज खुद से एजेंसी तय कर छात्रों की इंटर्नशिप करा रही है। बीआरएबीयू प्रशासन ने सभी कॉलेजों को खुद से एजेंसी तय कर इंटर्नशिप कराने का निर्देश दिया था। सूत्रों ने बताया कि कई कॉलेज एक ही एजेंसी से इंटर्नशिप करा रही है। स्नातक के छात्रों को इंटर्नशिप के लिए चार क्रेडिट मिलने हैं। इंटर्नशिप के लिए बीआरएबीयू ने पहले 17 एजेंसियों का चयन किया था। उस वक्त छात्रों से ही इंटर्नशिप की राशि ली जानी थी, लेकिन बाद में लोकभवन ने इस आदेश पर रोक लगा दी और पत्र जारी कर कहा कि छात्रों से बिना पैसे लिये ही इंटर्नशिप करायी जाये।
ऑनलाइन इंटर्नशिप से की जा रही खानापूर्ति
स्नातक के छात्रों को ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों तरह से इंटर्नशिप कराई जानी है, लेकिन ज्यादातर कॉलेजों में ऑनलाइन इंटर्नशिप कराकर ही खानापूर्ति की जा रही है। एक बड़े कॉलेज के शिक्षक ने बताया कि विश्वविद्यालय से काफी जल्दी में इंटर्नशिप कराने का निर्देश आया। इतने कम समय में ऑफलाइन इंटर्नशिप के लिए एजेंसी तैयार नहीं हो रही थी, इसलिए हमलोगों ने ऑनलाइन ही इंटर्नशिप करा दी। सूत्रों ने बताया कि इंटर्नशिप कराने के लिए कई सरकारी कार्यालयों से भी संपर्क किया गया, लेकिन वे तैयार नहीं हुए।
बिना इंटर्नशिप के छात्रों को नहीं मिलेगी डिग्री
स्नातक के चौथे सेमेस्टर के छात्रों के लिए इंटर्नशिप अनिवार्य है। बिना इसके उन्हें ना तो डिग्री मिलेगी और ना ही वह कोर्स को बीच में एग्जिट कर सकते हैं। लोकभवन ने निर्देश दिया है कि सभी विश्वविद्यालयों में हर स्थिति में स्नातक के चौथे सेमेस्टर के छात्रों को गर्मी की छुट्टी में इंटर्नशिप करायी जाये। बीआरएबीयू में एक जुलाई से इंटर्नशिप करायी जा रही है。
सामान्य प्रश्न
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


