
बकुची से बागमती नदी तक ढाई मीटर और चौड़ी होगी सड़क
मुजफ्फरपुर में कटरा के बकुची से बागमती नदी तक सड़क की चौड़ाई 2.5 मीटर बढ़ाई जाएगी, जिससे यह 5.5 मीटर चौड़ी होगी। इस पर 412 लाख रुपये खर्च होंगे। चार प्रखंडों में 12 पंचायत सरकार भवन का निर्माण भी किया जाएगा, जिसमें करीब 29.98 करोड़ रुपये का खर्च आएगा।
मुजफ्फरपुर, वरीय संवाददाता। कटरा के बकुची में बागमती नदी तक की सड़क की चौड़ाई बढ़ायी जाएगी। इस सड़क की करीब ढाई मीटर चौड़ाई बढ़ेगी। 412 लाख रुपये खर्च कर यह काम पथ प्रमंडल टू कराएगा। इसमें 12 महीने का समय लगेगा। इसका निर्माण करीब सवा चार करोड़ रुपए की लागत से होगा। इसे लेकर पथ प्रमंडल टू ने निविदा जारी किया है। 29 दिसंबर तक संवेदक इसके लिए आवेदन कर सकते हैं। मुजफ्फरपुर पथ प्रमंडल टू के कार्यपालक अभियंता ओमप्रकाश ने बताया कि वर्तमान में कटरा के बकुची से बागमती नदी तक सड़क की चौड़ाई करीब तीन मीटर है। इससे आवगन में परेशानी होती है।
अब इसका चौड़ीकरण होगा। इसे लेकर टेंडर प्रक्रिया शुरू की गयी है। इस सड़क की चौड़ाई ढ़ाई मीटर बढ़ायी जाएगी। यह साढ़े पांच मीटर चौड़ी हो जाएगी। यह सिंगल लेन से चौड़ी और डबल लेन से कम होगी। इससे जाम की समस्या नहीं जाएगी। चार प्रखंड में बनेंगे दर्जनभर पंचायत सरकार भवन : इधर, भवन निर्माण विभाग जिले के चार प्रखंडों में दर्जनभर पंचायत सरकार भवन का निर्माण कराएगी। इस पर करीब 29.98 करोड़ रुपए खर्च होंगे। इसे लेकर भवन प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता रवि चंद्र ने निविदा को लेकर अधिसूचना जारी की है। सरैया प्रखंड के खैरा, सरैया व अंबारा तेज सिंह पंचायत, औराई प्रखंड के अमनौर, विशुनपुर गोखुल व आलमपुर सिमरी में, कटरा प्रखंड के चंगेल, खंगुराडीह और नगवारा में और पारू के धरफरी, चांद केवारी व बैजलपुर पंचायत में तीन-तीन यानी कुल दर्जनभर पंचाय सरकार भवन का निर्माण होगा। --------- मुजफ्फरपुर कारा में पोटा केबिन निर्माण को टेंडर जारी : दूसरी ओर, भवन निर्माण विभाग भवन प्रमंडल मुजफ्फरपुर ने शहीद खुदीराम बोस केंद्रीय कारा में पोटा केबिन निर्माण के लिए टेंडर जारी किया है। 13 जनवरी, 2026 तक संवेदक निविदा के लिए आवेदन जमा कर सकते हैं। मुजफ्फरपुर सेंट्रल जेल के अलावा मोतिहारी केंद्रीय कारा, पूर्णिया, हाजीपुर, बेतिया, गोपालगंज, सिवान, छपरा, दरभंगा, मधुबनी, सीतामढ़ी, शिवहर, कटिहार, किशनगंज, अररिया, सुपौल, मधेपुरा, सहरसा और बेगूसराय मंडल कारा गेट पर प्री-फेब्रिकेटेड पोटा केबिन स्थापित किया जाएगा। इससे जेलों की सुरक्षा और चौकस होगी। इस केबिन से कारा में प्रवेश करने वालों की अत्याधुनिक मशीनों से जांच की जाएगी।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




