हिन्दी को अरेबिक और उर्दू वाले को संस्कृत का मिला प्रश्नपत्र
मुजफ्फरपुर में मैट्रिक परीक्षा के तीसरे दिन कई केंद्रों पर हिन्दी और उर्दू के छात्रों को गलत विषय के प्रश्नपत्र दिए गए। छात्रों ने शिकायत की कि उन्हें अरेबिक और संस्कृत का पेपर दिया गया, जबकि वे हिन्दी और उर्दू पढ़ते हैं। परीक्षा केंद्र के अधिकारियों ने कहा कि एडमिट कार्ड पर दिए गए विषय के अनुसार ही परीक्षा होगी।

मुजफ्फरपुर, प्रमुख संवाददाता। मैट्रिक परीक्षा के तीसरे दिन गुरुवार को कई केंद्रों पर हिन्दी पढ़ने वाले परीक्षार्थियों को अरेबिक और उर्दू वाले को संस्कृत का प्रश्नपत्र दे दिया गया। इसको लेकर परीक्षार्थी हैरान रहे कि हम क्या लिखें। हिन्दी भाषी बच्चों ने कहा कि हमने तो कभी अरेबिक की पढ़ाई की ही नहीं। हम तो संस्कृत पढ़ रहे थे। यही हाल उर्दू भाषी बच्चों का था, जिन्हें संस्कृत का प्रश्नपत्र मिला था। केन्द्राधीक्षक भी इसे लेकर परेशान रहे। अंतत: कहा गया कि एडमिट कार्ड पर दिए गए विषय की परीक्षा में ही परीक्षार्थियों को शामिल होना है। इसमें कोई बदलाव नहीं हो सकता है।
कुछ परीक्षार्थियों ने कहा कि हमें तो अरेबिक की कोई जानकारी ही नहीं है। हम क्या लिखेंगे। विवशता यह थी कि उनके एडमिट कार्ड पर वही विषय अंकित था। इसे बदला भी नहीं जा सकता था क्योंकि कॉपी से लेकर ओएमआर शीट तक संबंधित विषय का ही प्रिंटेड होकर आया था। अब इन बच्चों का रिजल्ट क्या होगा, यह भगवान भरोसे है। सकरा, मुशहरी समेत अन्य स्कूलों के परीक्षार्थियों के साथ इस तरह का मामला सामने आया है। डीईओ कुमार अरविंद सिन्हा ने कहा कि फॉर्म भरने के बाद विषय समेत अन्य में सुधार को लेकर कई मौका परीक्षार्थियों को दिया जाता है। डमी एडमिट कार्ड पर भी सुधार का मौका मिलता है। इसमें चाहकर भी जिले के स्तर पर कुछ नहीं किया जा सकता। 9.35 तक नहीं पहुंचे स्टैटिक मजिस्ट्रेट परीक्षार्थियों को नौ बजे के बाद प्रवेश नहीं मिलता है, लेकिन अधिकारियों पर यह बात लागू नहीं होती है। गुरुवार को कई केंद्रों पर स्टैटिक मजिस्ट्रेट 9.35 तक नहीं पहुंचे थे। इसकी सूचना कंट्रोल रूम को दी गई। तीसरे दिन द्वितीय भारतीय भाषा की परीक्षा हुई। कई केंद्रों पर मेटल डिटेक्टर की भी खोज होती रही। तीसरे दिन दोनों पाली मिलाकर लगभग 800 बच्चे अनुपस्थित रहे।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


