
पेंशन चालू कराने के लिए ईपीएफओ कार्यालय दौड़ रहे कर्मी
मुजफ्फरपुर की बेला औद्योगिक क्षेत्र में बंद लेदर फिनिशिंग यूनिट के कर्मचारी पिछले डेढ़ साल से अपनी पेंशन के लिए ईपीएफओ कार्यालय जा रहे हैं। कर्मचारियों ने आयुक्त से मिलकर पेंशन चालू करने की गुहार...
मुजफ्फरपुर, वरीय संवाददाता। बेला औद्योगिक क्षेत्र में बंद हुई लेदर फिनिशिंग यूनिट के कर्मचारी अपनी पेंशन के लिए पिछले डेढ़ साल से ईपीएफओ कार्यालय का चक्कर काट रहे हैं। बुधवार को भी इन कर्मचारियों ने कंपनीबाग रोड स्थित ईपीएफओ कार्यालय पहुंच आयुक्त से मिलकर पेंशन चालू करने की गुहार लगाई। वहीं, आयुक्त ने आश्वासन देकर उनको लौटा दिया। इसके पहले पेंशनर्स संघर्ष समिति के जिलाध्यक्ष अशोक कुमार वर्मा ने बताया कि यूनिट को अचानक 2008 में बंद कर दिया गया। कर्मियों की पेंशन चालू करने के लिए हाईकोर्ट ने एक लिक्विडेटर नियुक्त किया। उनके द्वारा फॉर्म 10डी को सत्यापित करने पर पेंशन चालू हुई।

वहीं, नए नियमों का हवाला देते हुए उन्होंने जुलाई 2022 से फॉर्म सत्यापित करने से इनकार कर दिया। कहा कि इसको किसी भी राजपत्रित अधिकारी, मुखिया, बैंक अधिकारी या ईपीएफओ आयुक्त की ओर से मनोनीत अधिकारी से सत्यापित करना होगा। इसके बाद तत्कालीन ईपीएफओ आयुक्त मनीष मनी ने बैंक अधिकारी से फॉर्म सत्यापित करवा कर पेंशन चालू कराई। लेकिन, डेढ़ साल पहले आए नए आयुक्त आलोक कुमार ने इनका पेंशन बंद कर दिया। उन्होंने इसका कोई वाजिब कारण नहीं बताया। यही नहीं, आरटीआई से मांगी गई जानकारी भी उपलब्ध नहीं कराई। बताया कि यूनिट के 15 कर्मियों का 10डी फॉर्म का सत्यापन डेढ़ वर्ष से रुका है। वहीं, ईपीएफओ आयुक्त ने इस संबंध में बात करने से इंकार कर दिया।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




