
पोलिंग एजेंटों को हिसाब सौंपकर ही बूथ छोड़ेंगे अधिकारी, सख्त निर्देश जारी
मुजफ्फरपुर में चुनाव आयोग ने निर्देश दिया है कि पीठासीन पदाधिकारी मतदान के बाद ही बूथ छोड़ेंगे, जब तक मतपत्र लेखा विवरणी (फॉर्म 17 सी) भरकर पोलिंग एजेंटों को नहीं सौंपेंगे। सभी जानकारी पीआरओ एप पर...
चुनाव में मतपत्र लेखा विवरणी (फॉर्म 17 सी) पूर्ण रूप से भरकर पोलिंग एजेंटों को सौंपने के बाद ही पीठासीन पदाधिकारी बूथ छोड़ेंगे। मतदान कर्मी मतदान कक्ष में ही बैठेंगे। वे बूथ के बाहर इधर-उधर नहीं घूमेंगे। इस संबंध में चुनाव आयोग ने निर्देश जारी किया है। जिला निर्वाचन पदाधिकारी सुब्रत कुमार सेन ने सभी पीठासीन पदाधिकारियों, सेक्टर पदाधिकारियों व निर्वाची पदाधिकारियों को चुनाव आयोग की मार्गदर्शिका के शत-प्रतिशत अनुपालन का निर्देश दिया है। उन्होंने कहा कि मतदान समाप्ति के बाद पीठासीन पदाधिकारी जब तक मतपत्र लेखा विवरणी फॉर्म भरकर पोलिंग एजेंटों को नहीं सौंपेंगे, बूथ नहीं छोड़ेंगे।

पीआरओ एप पर रियल-टाइम इंट्री अनिवार्य
जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने सभी पीठासीन पदाधिकारियों को मतदान के दिन पीआरओ मोबाइल एप का उपयोग अनिवार्य कर दिया है। मतदान शुरू से लेकर समाप्ति तक की सभी सूचनाएं जैसे मॉक पोल रिपोर्ट, मतदान की शुरुआत, मतदाता टर्नआउट आदि पीआरओ एप के माध्यम से समय-समय पर दर्ज की जाएंगी। हर दो घंटे पर मतदाता टर्नआउट अपडेट किया जाएगा। इससे रियल-टाइम डेटा सीधे निर्वाचन आयोग के सर्वर पर पहुंचता है।
डीएम ने कहा कि यह रियल-टाइम डेटा ईसीआईनेट पोर्टल के माध्यम से निर्वाची पदाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा लगातार मॉनिटर किया जाएगा। इससे प्रत्येक मतदान केंद्र की स्थिति, मतदान प्रतिशत और तकनीकी समस्याओं की जानकारी तत्काल प्राप्त की जा सकेगी। जिले के सभी 4186 मतदान केंद्रों पर इस बार लाइव वेबकास्टिंग की व्यवस्था है। इससे वहां की हर गतिविधियों की कई स्तरों से निगरानी रखी जाएगी।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




