
शराब माफिया के सात ठिकानों से ईडी ने जब्त किए 75.6 लाख
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने बिहार में शराब की अवैध आपूर्ति के मामले में 7 ठिकानों पर छापेमारी की। इस दौरान 75.6 लाख रुपये नकद, कई आपत्तिजनक सामग्री, दस्तावेज और डिजिटल उपकरण जब्त किए गए। ईडी की जांच...
मुजफ्फरपुर, प्रमुख संवाददाता। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी), पटना क्षेत्रीय कार्यालय ने बिहार राज्य में शराब की अवैध आपूर्ति के मामले में बुधवार को गुरुग्राम, रांची, नाहरलागुन, नामसाई और मुजफ्फरपुर में 07 स्थानों पर तलाशी अभियान चलाया। इन ठिकानों से 75.6 लाख रुपये नकद, कई आपत्तिजनक सामग्री, दस्तावेज और डिजिटल उपकरण जब्त किए गए। ईडी ने इसकी आधिकारिक पुष्टि की है। मुजफ्फरपुर के सकरा में मुखिया के घर पर हुई छापेमारी में शराब के हिसाब किताब से जुड़ी कई हस्त लिखित डायरी मिली है। ईडी की ओर से बताया गया है कि बिहार में शराब की अवैध आपूर्ति के लिए सुनील भारद्वाज और अन्य के खिलाफ पुलिस की ओर से दायर चार्जशीट और प्राथमिकियों के आधार पर जांच शुरू की गई थी।
ईडी की जांच से पता चला है कि सुनील भारद्वाज हिमाचल प्रदेश के सोलन में मेसर्स काला एएमबी ब्रेवरी एंड डिस्टिलरी प्राइवेट लिमिटेड का संचालन करता है। अरुणाचल प्रदेश के अपने सहयोगी दोरजी फुंटसो ख्रीमे के साथ मिलकर उसने वहां डिस्टिलरी इकाइयां स्थापित की। यही नहीं, शराब की दुकानों का लाइसेंस हासिल करने के लिए कई संस्थाएं स्थापित कीं। अरुणाचल प्रदेश में खपत के नाम पर बनाई गई शराब की बड़े पैमाने पर बिहार और अन्य राज्यों में अवैध आपूर्ति की। इसके अतिरिक्त, भारद्वाज ने बिहार में अवैध रूप से आपूर्ति की गई शराब के खरीदारों से भुगतान लेने के लिए अलग-अलग संस्थानों के नाम पर बड़े पैमाने पर बैंक खाते खोल रखे हैं। इस तरह अपराध व अवैध धंधे से बड़ी संपत्ति अर्जित की। वर्ष 2023 से इस माफिया के खिलाफ ईडी गोपनीय ढंग से जांच कर कार्रवाई में जुटी है। मामले में बीते 19 मई को ईडी की ओर से एक परिवाद दायर किया गया। संदिग्ध आरोपितों के सात ठिकानों पर बुधवार को एक साथ ईडी की टीम ने छापेामरी की। तलाशी में मुजफ्फरपुर सहित सभी सातों ठिकानों से अवैध शराब की बिक्री से संबंधित हस्तलिखित डायरियां, बहीखाते, टैली खाते, संपत्ति के दस्तावेज और कुल 75.6 लाख रुपये बरामद किए गए। ईडी इन्हें जब्त कर लिया है। मामले में ईडी की जांच जारी है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




