मनरेगा पर नया कानून रोजगार गारंटी के मूल पर प्रहार कर रहा: ज्यां द्रेज
मनरेगा के शिल्पकार ज्यां द्रेज ने मुजफ्फरपुर में धरने पर बैठे मजदूरों से मुलाकात की। उन्होंने केंद्र सरकार पर रोजगार गारंटी योजना की मूल भावना को कमजोर करने का आरोप लगाया। नया कानून मजदूरों के अधिकारों की अनदेखी करता है और बिना चर्चा के पारित किया गया है। मजदूरों को अपने अधिकारों के लिए संघर्ष जारी रखने की जरूरत है।

मुजफ्फरपुर, वरीय संवाददाता। मनरेगा के शिल्पकार कहे जानेवाले बेल्जियम निवासी अर्थशास्त्री ज्यां द्रेज बुधवार को मुजफ्फरपुर कलेक्ट्रेट परिसर में धरने पर बैठे मजदूरों से मिलने पहुंचे। उन्होंने मनरेगा वॉच के बैनर तले धरने पर बैठे मजदूरों को अपना समर्थन देते हुए केंद्र सरकार पर रोजगार गारंटी योजना के मूल पर प्रहार करने का आरोप लगाया। ज्यां द्रेज ने कहा कि नया पारित कानून रोजगार गारंटी की मूल भावना को कमजोर करनेवाला है। इसको लेकर आम लोगों में भ्रम की स्थिति है। नए कानून में पूरा नियंत्रण केंद्र सरकार के हाथों में होगा। उन्होंने कहा कि पुराना नोटिफिकेशन रद्द कर नया फ्रेमवर्क राज्यों पर थोपा जाएगा।
यह गरीब और संसाधन विहीन राज्यों के लिए गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि देश के लगभग 26 करोड़ श्रमिकों को प्रभावित करने वाला यह कानून बिना किसी सार्वजनिक चर्चा के संसद के दोनों सदनों से जल्दबाजी में पारित किया गया। यह प्रक्रिया लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ और मजदूरों के अधिकारों की अनदेखी है। इसके अलावा, नए कानून से मजदूरों को काम उनकी मांग पर नहीं, बल्कि केंद्र सरकार से तय बजट के अनुसार मिलेगा। उन्होंने कहा कि वीबी जीरामजी को लेकर यहां के मजदूर खासकर महिलाएं अपने अधिकारों के प्रति सजग हैं। वे अधिकार के लिए संघर्ष करना सीख चुकी हैं। अब उनको काम के अधिकार के साथ ही राशन और पेंशन का अधिकार के साथ इज्जत का अधिकार के लिए लड़ाई छेड़ने की जरूरत है। मुजफ्फरपुर के धरने से पूरे देश के मजदूर आंदोलन को प्रेरणा मिल रही है। मनरेगा वॉच के बैनर तले योजना से जुड़े मजदूर पांच दिनों से कलेक्ट्रेट में धरना दे रहे हैं। वे मांग के अनुसार काम देने और बकाया मजदूरी भुगतान की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे हैं। इसमें सामाजिक कार्यकर्ता आनंद पटेल, कठपुतली कलाकार सुनील कुमार, मनरेगा वॉच के संजय सहनी सहित किरण देवी, आशा देवी, मीना देवी, मंदेश्री देवी, विभा देवी, राजकुमार राम सहित अन्य शामिल हैं।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




