
चुनाव के बीच मुजफ्फरपुर में सख्ती, 184 विवादित सोशल मीडिया पोस्ट पकड़े गए; 21 पर केस दर्ज
संक्षेप: मुजफ्फरपुर में आर्थिक अपराध इकाई ने 184 आपत्तिजनक सोशल मीडिया पोस्ट और हैंडल चिह्नित किए हैं। इनमें चार पोस्ट मुजफ्फरपुर से हैं। चुनाव आचार संहिता लागू होने के बाद सांप्रदायिकता फैलाने के खिलाफ कार्रवाई शुरू की गई है। 21 एफआईआर दर्ज की गई हैं और 17 एआई जनरेटेड फेक वीडियो लिंक को टेकडाउन किया गया है।
आर्थिक अपराध इकाई (ईओयू) की विशेष यूनिट ने प्रदेश में आपत्तिजनक और सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने वाले 184 सोशल मीडिया पोस्ट और हैंडल को चिह्नित किया है। इसमें मुजफ्फरपुर के भी चार पोस्ट व हैंडल शामिल हैं। विस चुनाव की आचार संहिता लागू होने के बाद इन हैंडल्स से सांप्रदायिकता का जहर फैलाया जा रहा है। इनके पोस्टों के खिलाफ अवमानना के तहत कार्रवाई शुरू की गई है। ईओयू के डीआईजी मानवजीत सिंह ढिल्लो ने सोशल मीडिया कंटेंट को लेकर बताया है कि आपत्तिजनक व सांप्रदायिक पोस्ट को लेकर 67 लिंक और 25 हैंडल्स के खिलाफ 21 एफआईआर दर्ज की गई है।

इसके साथ ही चार यूट्यूब चैनल को चिह्नित किया गया है, जो लगातार जातीय व धार्मिक आधार पर वोटर को डराने व धमकाने वाले गाना बार-बार पोस्ट कर रहे हैं। इनको चिह्नित कर आईटी एक्ट की धारा 69 के तहत कार्रवाई करने की कवायद शुरू की गई है। ईओयू के डीआईजी ने बताया है कि विभिन्न सोशल मीडिया 184 पोस्ट व हैंडल के खिलाफ टेक डाउन की कार्रवाई की जा रही है। इन सभी पोस्ट के जरिये चुनाव को प्रभावित करने का प्रयास किया गया है। इनके दोषियों को चिह्नित किया जा रहा है। उनके खिलाफ एफआईआर भी दर्ज की जाएगी।
बता दें, अब तक 17 एआई जेनरेटेड फेक वीडियो वाले लिंक को टेक डाउन के तहत प्रसारित होने से रोका गया है। यूट्यूब के दो चैनल ऐसे पाए गए जो बार-बार फेक न्यूज डाल रहे थे। इन दोनों चैनल को ब्लॉक कराने का प्रस्ताव केंद्रीय मंत्रालय के यूनिट को भेजा गया है। इसके साथ 40 सोशल प्लेटफॉर्म, 28 यूट्यूब व डिजिटल न्यूज प्लेटफॉर्म और 70 सोशल मीडिया प्रोफाइल बार-बार आपत्तिजनक पोस्ट प्रसारित करने के लिए चिह्नित किए गए हैं। जिनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कर सभी को ब्लॉक करने की कार्रवाई की जाएगी।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




