Muzaffarpur News: नशे में धुत डायल 112 के चालक ने तीन को मारी ठोकर, गिरफ्तार
Muzaffarpur News: नशे में धुत डायल 112 के चालक ने रामदयालु नगर रेलवे गुमटी के पास सोमवार की सुबह पुलिस गाड़ी से साइकिल व बाइक सवार तीन लोगों को ठोकर मार दी। इसमें साइकि

Muzaffarpur News: मुजफ्फरपुर, प्रमुख संवाददाता। नशे में धुत डायल 112 के चालक ने रामदयालु नगर रेलवे गुमटी के पास सोमवार की सुबह पुलिस गाड़ी से साइकिल व बाइक सवार तीन लोगों को ठोकर मार दी। इसमें साइकिल सवार बारमतपुर मोहल्ला निवासी शत्रुध्न राय गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि बाइक सवार दो युवक आंशिक रूप से जख्मी हुए हैं। डायल 112 की गाड़ी से बचने के लिए सड़क पर अफरातफरी मची रही। दुर्घटना के बाद आक्रोशित स्थानीय लोगों ने पुलिस की गाड़ी को घेरकर हंगामा किया। सूचना मिलने पर सदर थाने की पुलिस ने मौके पर पहुंचकर लोगों को शांत कराया और आरोपित चालक संतोष कुमार को गिरफ्तार कर लिया।
सिटी एसपी मोहिबुल्लाह अंसारी ने बताया कि आरोपित डायल 112 के चालक संतोष कुमार की ब्रेथ एनालाइजर मशीन से जांच कराई गई। इसमें उसके शराब पीने की पुष्टि हुई है। उसके खिलाफ सदर थाने में नामजद एफआईआर दर्ज कराई गई है। उसे कोर्ट में प्रस्तुत कराने के बाद न्यायिक हिरासत में भेजा गया है। संतोष कुमार सदर थाना के भिखनपुरा मोहल्ला का निवासी है। सिटी एसपी ने बताया कि दुर्घटना में घायल साइकिल सवार शत्रुध्न राय को पुलिस ने इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया। वह मजदूरी के लिए शहर जा रहा था। उसके पैर में गंभीर चोट आई है। चिकित्सकों ने इलाज के बाद उसे खतरे से बाहर बताया है। वहीं, बाइक सवार दोनों स्थानीय स्तर पर इलाज कराकर गंतव्य पर निकल गए।


