बिहार की मिट्टी की खुशबू को विदेशों में भी फैलाया
डॉ. मृदुला सिन्हा की पांचवीं पुण्यतिथि पर मुजफ्फरपुर में पुष्पांजलि समारोह आयोजित हुआ। उन्हें साहित्य, राजनीति और समाज में उनके योगदान के लिए याद किया गया। पूर्व मंत्री, विधायक और अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने उनके कार्यों की सराहना की और बताया कि उन्होंने बिहार को देश-विदेश में गर्वित किया।

मुजफ्फरपुर। प्रमुख संवाददाता पद्मश्री व गोवा की पूर्व राज्यपाल डॉ. मृदुला सिन्हा साहित्य, राजनीति और सामाजिक क्षेत्र में सामंजस्य बैठाकर निरंतर रचनात्मक चिंतन के साथ काम करती रहीं। मुजफ्फरपुर की रहनेवाली डॉ. सिन्हा ने बिहार को देश-विदेश में गौरवान्वित किया। ये बातें मंगलवार को उनकी पांचवीं पुण्यतिथि पर आयोजित पुष्पाजंलि समारोह में अतिथियों ने कहीं। लंगट सिंह महाविद्यालय परिसर में बाल उद्यान स्थित डॉ. मृदुला सिन्हा के प्रतिमा स्थल पर पुष्पांजलि समारोह हुआ। पूर्व नगर विकास मंत्री सुरेश कुमार शर्मा ने कहा कि विभिन्न उच्च पदों को सुशोभित करते हुए मुजफ्फरपुर तथा बिहार की मिट्टी की सुगंध को उन्होंने देश ही नहीं, विदेशों में भी फैलाया।
बोचहां विधायक बेबी कुमारी ने कहा कि अटल जी के कार्यकाल में मृदुला जी जब भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष थीं तो उन्होंने सुषमा स्वराज तथा सुमित्रा महाजन के साथ मिलकर 33% महिला आरक्षण विधेयक का प्रारूप तैयार किया था। महापौर निर्मला साहू ने कहा कि मृदुला जी की “बिटिया है विशेष” रचना ने समाज में बेटियों के मान-सम्मान के प्रति दृष्टिकोण को बदलने का कार्य किया है। उपमहापौर डॉ. मोनालिशा ने कहा कि मृदुला जी की रचना में लोकमन, लोक संस्कृति, लोकगीत की भाव-भांगिमा एक साथ दिखाई देती है। भाजपा पूर्वी जिलाध्यक्ष विवेक कुमार ने कहा कि मृदुला जी बिहार विश्वविद्यालय की छात्रा रहीं। मुजफ्फरपुर नयाटोला में आठ वर्षों तक सरस्वती शिशु मंदिर आदर्श शिक्षण संस्था की वह प्राचार्य रहीं। भाजपा महिला मोर्चा की पूर्व राष्ट्रीय मंत्री डॉ. तारण राय ने कहा कि उन्होंने कई पदों पर रहते हुए साहित्य के क्षेत्र में विशिष्ट सम्मान प्राप्त किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में लोगों ने शामिल होकर उन्हें याद किया।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



