Muzaffarpur News: पांच टॉपरों को मिली 25-25 हजार की छात्रवृत्ति
Muzaffarpur News: मुजफ्फरपुर में बीआरएबीयू के पीजी रसायन विभाग में डॉ. महाचंद्र सिंह मेधा छात्रवृत्ति योजना शुरू की गई। इस योजना के तहत पांच छात्रों को 25-25 हजार रुपये की छात्रवृत्ति प्रदान की गई। इसका उद्देश्य प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करना है।

Muzaffarpur News: मुजफ्फरपुर, प्रमुख संवाददाता। बीआरएबीयू के पीजी केमेस्ट्री विभाग में टॉपर छात्रों के लिए सोमवार को डॉ. महाचंद्र सिंह मेधा छात्रवृत्ति योजना शुरू की गई। योजना के तहत विभाग के पांच छात्रों कृति मिलन, रूपा कुमारी, दिवाकर कुमार, राजीव रंजन, परिणिष्ठा को 25-25 हजार रुपये की छात्रवृत्ति दी गई। इस छात्रवृत्ति के लिए 30 लाख रुपये की एफडी बैंक में जमा की गई है। विवि के पीजी रसायनशास्त्र विभाग एवं स्वामी सहजानंद सरस्वती विकास सेवा संस्थान, मुजफ्फरपुर के संयुक्त तत्वावधान में छात्रवृत्ति योजना की शुरुआत की गई है।
समारोह का आयोजन
सोमवार को विश्वविद्यालय रसायनशास्त्र विभाग स्थित प्रो. टी. शर्मा मेमोरियल हॉल में आयोजित छात्रवृत्ति वितरण समारोह में योजना की औपचारिक शुरुआत हुई।
मुख्य अतिथि के विचार
समारोह के मुख्य अतिथि पूर्व मंत्री डॉ. महाचंद्र प्रसाद सिंह ने कहा कि जहां उन्हें विद्यार्थियों को पढ़ाने का अवसर मिला, उसी विभाग के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों के लिए कुछ स्थायी करने की इच्छा लंबे समय से थी। इसी सोच को अब छात्रवृत्ति योजना के रूप में मूर्त रूप दिया गया है। अध्यक्षता बीआरएबीयू के कुलसचिव प्रो. समीर कुमार शर्मा ने की। उन्होंने कहा कि मेधावी विद्यार्थियों के लिए स्थायी छात्रवृत्ति की व्यवस्था करना अनुकरणीय कदम है। आरा विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति विशिष्ट अतिथि प्रो. डॉ. एस. मुमताजुद्दीन ने कहा कि इस तरह की छात्रवृत्ति से बच्चों के भीतर उत्साह बढ़ता है।
सिद्धांत और व्यवस्थाएं
सिंडिकेट सदस्य डॉ. सीमा शर्मा ने कहा कि मेधावी विद्यार्थियों के लिए स्थायी छात्रवृत्ति की व्यवस्था करना शिक्षा और मेधा के प्रति डॉ. महाचंद्र प्रसाद सिंह की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। मौके पर विश्वविद्यालय के प्रॉक्टर डॉ. बिपिन राय, डॉ. शिवनाथ प्रसाद, श्रीविकास, उपेंद्र सिंह, डॉ. रामकुमार आदि ने भी अपने विचार व्यक्त किए। संयोजन, संचालन एवं स्वागत विभागाध्यक्ष प्रो. नावेदुल हक ने किया। धन्यवाद ज्ञापन विभाग के डॉ अभिनंदन श्रीवास्तव ने किया।

