मधुबनी में सीएम कन्या विवाह मंडप का निर्माण कराएं : डीएम
मुजफ्फरपुर के डीएम सुब्रत कुमार सेन ने मधुबनी पंचायत का निरीक्षण किया। उन्होंने मुख्यमंत्री कन्या विवाह मंडप, जीविका भवन और खेल मैदान के निर्माण का निर्देश दिया। विद्यालय में शिक्षकों की उपस्थिति और शैक्षणिक वातावरण की जांच की। ग्रामीणों ने मृदा जांच कराने की मांग की, जिसे डीएम ने स्वीकार किया।

मुजफ्फरपुर, प्रमुख संवाददाता। मुशहरी प्रखंड की मधुबनी पंचायत का डीएम सुब्रत कुमार सेन ने बुधवार को निरीक्षण किया। इस दौरान डीएम ने योजनाओं की जांच की। उन्होंने मधुबनी पंचायत में मुख्यमंत्री कन्या विवाह मंडप के निर्माण का निर्देश दिया। पदाधिकारियों को जीविका दीदियों के लिए पंचायत में जीविका भवन बनाने, जी राम जी से खेल मैदान तथा पार्क निर्माण कराने की बात कही। इसके बाद डीएम ने उत्क्रमित मध्य विद्यालय मधुबनी का निरीक्षण किया। उन्होंने विद्यालय में शिक्षकों की उपस्थिति, पठन-पाठन की स्थिति तथा शैक्षणिक वातावरण के बारे में जानकारी ली। स्कूल में लाइब्रेरी निर्माण कराने की बात कही।। उन्होंने जिला शिक्षा पदाधिकारी को विद्यालयों में शिक्षकों की नियमित उपस्थिति एवं बच्चों की पढ़ाई-लिखाई की निरंतर मॉनीटरिंग सुनिश्चित करने को कहा।
डीएम ने पंचायत सरकार भवन को पूरी तरह से क्रियाशील बनाए रखने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि पंचायत सरकार भवन ग्रामीण जनता के लिए प्रशासन से सीधे जुड़ने का केंद्र है, इसलिए यहां नियमित रूप से कार्य हो। ग्रामीणों ने डीएम से मधुबनी पंचायत में मृदा जांच कराने की मांग की। इस पर डीएम ने प्रखंड कृषि पदाधिकारी मुशहरी को मिट्टी का सैंपल लेकर जांच करने तथा किसानों को अवगत कराने का निर्देश दिया। इसके अलावा डीएम ने बाजार समिति स्थित नवनिर्मित प्रशासनिक भवन को देखा। इस मौके पर उपविकास आयुक्त श्रेष्ठ अनुपम, अनुमंडल पदाधिकारी पूर्वी तुषार कुमार, जिला बंदोबस्त पदाधिकारी फिरोज अख्तर, डीईओ कुमार अरविंद सिन्हा मौजूद रहे।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


