
किसान पंजीकरण में लापरवाही पर एक निलंबित, तीन का वेतन रोका
गायघाट में जिलाधिकारी सुब्रत कुमार सेन की अध्यक्षता में किसान पंजीकरण पर समीक्षा बैठक हुई। इस दौरान लापरवाही के कारण एक राजस्व कर्मचारी को निलंबित किया गया और अन्य का वेतन रोकने का निर्देश दिया गया। डीएम ने सभी संबंधित कर्मचारियों को पंजीकरण में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं।
गायघाट, एक संवाददाता। प्रखंड मुख्यालय सभागार में मंगलवार को जिलाधिकारी सुब्रत कुमार सेन की अध्यक्षता में किसान पंजीकरण को लेकर समीक्षा बैठक हुई। इस दौरान पंजीकरण कार्य में लापरवाही सामने आने पर महमदपुर सूरा पंचायत के राजस्व कर्मचारी प्रभात किरण को निलंबित कर दिया गया। वहीं राजस्व कर्मचारी रोहित कुमार, हिमांशु कुमार और पुरुषोत्तम दास का वेतन रोकने का निर्देश दिया गया। बैठक में उपस्थित कृषि समन्वयकों, किसान सलाहकारों और राजस्व कर्मचारियों को डीएम ने स्पष्ट निर्देश दिया कि किसान पंजीकरण अभियान में तेजी लाते हुए निर्धारित लक्ष्य को हर हाल में पूरा करें। उन्होंने कहा कि लापरवाही बरतने वाले कर्मियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
इस दौरान बेरुआ पंचायत के किसान सलाहकार बैठक में अनुपस्थित पाए गए, जिस पर जिलाधिकारी ने उनसे 24 घंटे के भीतर स्पष्टीकरण मांगा है। डीएम ने बताया कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना का लाभ प्राप्त करने के लिए किसान पंजीकरण और केवाईसी अनिवार्य है, जो किसान यह प्रक्रिया पूरी नहीं करेंगे, उन्हें योजना का लाभ नहीं मिलेगा। उन्होंने बताया कि 2 फरवरी से पंचायत स्तर पर विशेष शिविर लगाकर किसान पंजीकरण व केवाईसी का कार्य किया जा रहा है। इच्छुक किसान वसुधा केंद्र, सीएससी या कृषि विभाग के पोर्टल के माध्यम से स्वयं भी पंजीकरण करा सकते हैं। बैठक में उप विकास आयुक्त श्रेष्ठ अनुपम, जिला कृषि पदाधिकारी हिमांशु कुमार, सहायक उप निदेशक प्रक्षेत्र प्रवीण कुमार, बीडीओ डॉ. संजय कुमार राय सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे। कटरा में काम में धीमी गति पर जताई नाराजगी कटरा। जिलाधिकारी सुब्रत कुमार सेन ने प्रखंड मुख्यालय स्थित सभागार में किसान आईडी कार्ड बनाने को लेकर अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में बीडीओ, कृषि को आर्डिनेटर, सर्वे अमीन, राजस्व कर्मचारी आदि थे। जिलाधिकारी ने किसान आईडी कार्ड बनाने में शिवदासपुर, कटाई, लखनपुर, तेहवारा आदि पंचायत में धीमी गति पर नाराजगी जताई। उन्होंने अगले 48 घंटे में लक्ष्य को पूरा करने को कहा। मौके पर प्रखंड प्रमुख नूर आलम भी थे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




