मुजफ्फरपुर में भी अब घर बैठे खरीद सकेंगे पोस्टल आर्डर

Mar 13, 2026 01:53 am ISTNewswrap हिन्दुस्तान, मुजफ्फरपुर
share

मुजफ्फरपुर में डाक विभाग ने ई-इंडियन पोस्टल ऑर्डर (ई-आईपीओ) की सुविधा शुरू की है। इससे लोग घर बैठे डिजिटल फॉर्मेट में पोस्टल ऑर्डर खरीद सकेंगे। इस नए सिस्टम से उपभोक्ताओं को लंबी कतारों से छुटकारा मिलेगा और नकदीकरण की अवधि भी बढ़ाई गई है।

मुजफ्फरपुर में भी अब घर बैठे खरीद सकेंगे पोस्टल आर्डर

मुजफ्फरपुर, वरीय संवाददाता। मुजफ्फरपुर सहित उत्तर बिहार के लोगों को अब पोस्टल ऑर्डर खरीदने के लिए डाकघरों के काउंटरों पर लंबी कतार नहीं लगानी पड़ेगी। डाक विभाग ने उनके लिए अब ई-इंडियन पोस्टल ऑर्डर (ई-आईपीओ) की सुविधा शुरू की है। इसमें लोगों को अब डिजिटल फॉर्मेट में घर बैठे ही ई-पोस्टल ऑर्डर मिल जाएगा। डाक विभाग के उत्तरी बिहार डाक परिमंडल ने इसकी शुरुआत कर दी है। इसकी जानकारी उत्तरी बिहार डाक परिमंडल के पीएमजी पवन कुमार सिंह ने दी।उन्होंने बताया कि नया ई-पोस्टल ऑर्डर पूरी तरह से डिजिटल फॉर्मेट में होगा। इससे अब पोस्टल ऑर्डर को फिजिकल तौर पर साथ लेकर चलने की परेशानी से छुटकारा मिल जाएगा।

इसकी जगह पर डाक विभाग से मिलनेवाला रेफरेंस नंबर देने से ही उपभोक्ताओं का काम हो जाएगा। इससे इसके कहीं गुम होने की आशंका भी नहीं रहेगी। दूसरे, इसके नकदीकरण कराने की अवधि भी फिजिकल पोस्टल ऑर्डर की तुलना में चार गुना अधिक होगी। इसे छह महीने की जगह अब दो साल के भीतर नकदी कराया जा सकता है। कहा कि इसका सबसे अधिक लाभ सूचना के अधिकार के तहत दिए जानेवाले आवेदनों को लेकर होगी।पीएमजी ने बताया कि आवेदनकर्ता 10, 20 और 50 रुपये तक के ईआईपीओ खरीद सकते हैं। इसके खरीदे जाने की पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन है। इसके लिए उपभोक्ताओं को विभाग की ऑनलाइन सुविधा के तहत दी जानेवाली आईडी जेनरेशन की सुविधा से जुड़ना होता है। आईडी बनाने के लिए उपभोक्ताओं को अपना ईमेल आईडी, मोबाइल नंबर, पूरा पता, जन्म तिथि के अलावा पहचान वाला कोई दस्तावेज अपलोड करना होता है। ये सभी जानकारी अनिवार्य तौर पर देनी होती है। इसके बाद उपभोक्ता बैंक के डेबिट या क्रेडिट कार्ड का प्रयोग ईआईपीओ खरीदने के लिए कर सकते हैं। इसके अलावा नेट बैकिंग के माध्यम से भी भुगतान किया जा सकता है। भुगतान की प्रक्रिया पूरी होने के बाद एक रेफरेंस नंबर मिलेगा, जिसे आवेदन करने के दौरान जिक्र करना होगा। जरूरत पड़ने पर इसके पीडीएफ को डाउनलोड कर उसका प्रिंट उपयोग में लाया जा सकता है।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।