बिना मौसम फैल रहा डेंगू, इस वर्ष अबतक पांच मरीज मिले

Newswrap हिन्दुस्तान, मुजफ्फरपुर
share

मुजफ्फरपुर में डेंगू अब बिना मौसम भी लोगों को बीमार कर रहा है। इस वर्ष अब तक पांच मरीज मिले हैं। डॉक्टरों का कहना है कि मौसम में बदलाव के कारण डेंगू के मच्छर पनप रहे हैं। जिला स्वास्थ्य विभाग ने फागिंग अभियान शुरू नहीं किया है। डेंगू के मरीजों की संख्या में लगातार वृद्धि हो रही है।

बिना मौसम फैल रहा डेंगू, इस वर्ष अबतक पांच मरीज मिले

मुजफ्फरपुर, प्रमुख संवाददाता डेंगू अब बिना मौसम भी लोगों को बीमार कर रहा है। आमतौर पर बरसात के मौसम में मिलने वाले डेंगू के मरीज अब तेज ठंड और भीषण गर्मी में भी मिल रहे हैं। इस वर्ष अब तक जिले में डेंगू के पांच मरीज मिल चुके हैं। इनमें दो मरीज फरवरी और तीन अप्रैल और मई माह में मिले हैं। पिछले वर्ष दिसंबर की ठंड में भी डेंगू के मरीज मिले थे। डेंगू पीड़ितों में 20 से 55 वर्ष तक के मरीज शामिल हैं। सभी में बीमारी की पुष्टि श्रीकृष्ण मेडिकल कॉलेज व अस्पताल में सैंपल जांच के बाद हुई है।

डॉक्टरों की राय

एसकेएमसीएच के डॉक्टरों का कहना है कि मौसम में बदलाव और बारिश की वजह से अप्रैल-मई में भी एडीज मच्छर को पनपने का मौका मिला रहा है। मेडिकल के माइक्रोबायोलॉजी विभाग की अध्यक्ष डॉ. पूनम कुमारी ने बताया कि बरसात होने के कारण इस मौसम में डेंगू के मरीज मिल रहे हैं। एसकेएमसीएच के उपाधीक्षक डॉ. सतीश कुमार सिंह ने बताया कि लगातार मौसम में बदलाव के कारण डेंगू के मच्छर समय से पहले और बाद मिल रहे हैं। बताया कि डेंगू के जो भी मरीज मिले हैं उनको इलाज के बाद डिस्चार्ज कर दिया गया है।

फागिंग अभियान की स्थिति

मरीज मिले पर अब तक शुरू नहीं हुई फागिंग

जिले में डेंगू के पांच मरीज मिलने के बाद भी अब तक जिला स्वास्थ्य विभाग की तरफ से फागिंग शुरू नहीं कराई गई है। जिला वेक्टर जनित रोग नियंत्रण पदाधिकारी डॉ. राजेश कुमार ने बताया कि जल्द फागिंग अभियान शुरू होगा। बता दें कि डेंगू की रोकथाम के लिए केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने सभी राज्यों को मार्च महीने से ही अभियान चलाने का निर्देश दिया था, लेकिन अब तक इस बारे में कोई कदम नहीं उठाया गया है। मार्च से ही डेंगू के हॉट स्पॉट को चिह्नित करने को कहा गया था। मुजफ्फरपुर में मुशहरी में सबसे ज्यादा डेंगू के मरीज मिलते हैं।

पिछले साल का आंकड़ा

पिछले साल भी जनवरी में ही मिले थे डेंगू मरीज

वर्ष 2025 में भी डेंगू के मरीज जनवरी में ही मिले थे। डॉक्टरों ने बताया कि डेंगू के मरीजों के मिलने का अब कोई समय नहीं रह गया है। आमतौर पर अगस्त-सितंबर से डेंगू के मरीज मिलने शुरू होते जो नवंबर आते आते खत्म हो जाते थे। डॉ. सतीश कुमार सिंह ने बताया कि डेंगू के मरीजों में प्लेटलेट 30 हजार तक गिर रहा है। पिछले वर्ष एसकेएमसीएच में डेंगू के कई मरीज भर्ती हुए थे।

डेंगू मरीजों की संख्या

किस साल कितने मिले डेंगू के मरीज

2020 में 58

2021 में 30

2022 में 134

2023 में 596

2024 में 338

2025 में 125

2026 में 05

सामान्य प्रश्न

मुजफ्फरपुर में डेंगू के कितने मरीज मिले हैं?
इस वर्ष अब तक जिले में डेंगू के पांच मरीज मिल चुके हैं।
Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।