Muzaffarpur News: बढ़ रहे मरीज, स्टोर में बंद लाखों की छिड़काव मशीनें
Muzaffarpur News: - मलेरिया, डेंगू का प्रकोप तेजी से बढ़ रहा, लगातार मिल रहे मरीज - दो

Muzaffarpur News: मुजफ्फरपुर, वरीय संवाददाता। शहर में मच्छर जनित बीमारियों डेंगू-मलेरिया का प्रकोप बढ़ता जा रहा है, लेकिन मशीनें रहते नगर निगम प्रबंधन की लापरवाही के कारण फॉगिंग और एंटी लार्वा का छिड़काव नहीं हो पा रहा है। सालों पहले खरीदी गई हैंड हेल्ड फॉगिंग मशीनें स्टोर में पड़े-पड़े खराब हो रही हैं। वहीं इस साल मई में खरीदे गए फॉगिंग वाहन भी शोभा की वस्तु बनकर रह गए हैं।
बीमारियों के बढ़ते मामले
मौमस में बदलाव और फॉगिंग नहीं होने से पूरे शहर में मच्छरों का प्रकोप बढ़ता जा रहा है। मच्छरों के कारण लोग बीमार हो रहे हैं। हालत यह है कि इस साल अब तक जिले के सरकारी अस्पतालों में डेंगू के 28 मरीज मिल चुके हैं। इसमें निजी अस्पतालों और अन्य स्रोतों से मिली जानकारी के अनुसार संख्या 50 से उपर पहुंच चुकी है। यही हाल मलेरिया के मरीजों की भी है। इनकी संख्या भी 60 से उपर बताई जा रही है, जबकि अन्य वेक्टर जनित रोगों से प्रभावितों की संख्या भी 25 से 30 के बताई जा रही है। ऐसे में नगर निगम द्वारा फॉगिंग नहीं कराए जाने से लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है।
स्थाई समिति के सदस्य की चिंता
सशक्त स्थाई समिति के सदस्य राजीव कुमार पंकु, अमित रंजन, मो. इकबाल हुसैन सहित कई पार्षदों ने कहा कि पहले निगम प्रबंधन हैंड हेल्ड मशीनों के खराब होने का बहाना बनाता था। अब दो बड़ी मशीनें भी खरीदी गई, फिर भी फॉगिंग नहीं होना समझ से परे हैं। वहीं, पक्की सराय के मो. मुन्ना, सादिया बेगम सहित अन्य ने बताया कि दो साल पहले तक नियमित तौर पर फॉगिंग होती थी। अब महीनों से नहीं हो रही है।
मशीनों की खराब स्थिति
निगम प्रबंधन से जुड़े लोगों ने बताया कि एक दशक पहले करीब 25 लाख रुपये की लागत से 55 हैंड हेल्ड फॉगिंग मशीनों के अलावा एंटी लार्वा छिड़काव मशीनें खरीदी गई थीं। इनमें से 30 पूरी तरह से खराब हो चुकी हैं। शेष बची 25 मशीनों को रोटेशन के आधार पर उपयोग में लाया जाता है। वहीं, इस साल मई में करीब 42 लाख की लागत से दो वाहन माउंटेड मशीनें खरीदा गई। दो दिन छिड़काव के बाद दोनों वाहन यार्ड में खड़े हैं।

