
साइड प्रोडक्ट लेने का दबाव बनाने वालों पर कार्रवाई होगी
मुजफ्फरपुर में जिला कृषि पदाधिकारी सुधीर कुमार ने उर्वरक विक्रेताओं की शिकायतों पर कार्रवाई का निर्देश दिया है। विक्रेताओं ने आरोप लगाया कि कंपनियों के एजेंटों द्वारा उन्हें अन्य उत्पादों को बेचने का दबाव डाला जा रहा है। डीएओ ने टास्क फोर्स को ऐसे एजेंटों पर सख्त कार्रवाई करने का आदेश दिया है।
मुजफ्फरपुर, वसं। जिला कृषि पदाधिकारी (डीएओ) सुधीर कुमार ने उर्वरक विक्रेताओं की शिकायतों का त्वरित संज्ञान लेते हुए साइड प्रोडक्ट बेचने का दबाव बनाने वालों पर सख्त कार्रवाई का निर्देश टास्क फोर्स को दिया। इसके पहले उर्वरक विक्रेताओं का एक प्रतिनिधिमंडल गुरुवार को डीएओ से मिला। उन्होंने डीएओ को ज्ञापन सौंप उर्वरक कंपनियों द्वारा विक्रेताओं पर कंपनी के अन्य उत्पादों को बेचने का बेजा दबाव बनाने का आरोप लगाया। दुकानदारों की शिकायत पर डीएओ ने ऐसे लोगों पर कड़ी कार्रवाई करने का निर्देश दिया। साथ ही कहा कि खुदरा उर्वरक के दुकानदारों को बिना टैगिंग किए हुए माल की आपूर्ति सुनिश्चित की जाए।

प्रतिनिधिमंडल में शामिल उर्वरक विक्रेताओं ने आरोप लगाया कि एक तो कंपनी के एजेंटों द्वारा प्रति बैग अधिक राशि वसूलते हैं। साथ ही कंपनी के अन्य उत्पादों को भी लेने का दबाव बनाते हैं। दोनों उत्पादों की एक साथ खरीदारी करने पर एक बैग की कीमत करीब 512 रुपये आती है। ऐसे में हमें भी किसानों को ये उत्पाद एक साथ उपलब्ध कराते हैं। इससे किसानों पर अतिरिक्त बोझ बढ़ता है। कई बार किसान हमसे उर्वरक नहीं खरीद कर किसी अनधिकृत दुकान से खाद खरीदने चले जाते हैं। ऐसे में उनको नकली खाद की आपूर्ति कर कतिपय दुकानदार मुनाफाखोरी कर रहे हैं। इस पर डीएओ ने दोनों अनुमंडल कृषि पदाधिकारियों के अलावा टास्क फोर्स में प्रतिनियुक्त अधिकारियों और कर्मियों पर ऐसे कंपनियों के एजेंटों पर कार्रवाई करने का निर्देश दिया।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


