सीवरेज लाइन के मेनहोल के जरिए बिछा दी गैस पाइपलाइन

Feb 14, 2026 05:55 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, मुजफ्फरपुर
share

मुजफ्फरपुर में नवनिर्मित भूमिगत सीवरेज लाइन में मेनहोल के जरिए गैस पाइपलाइन लगाई गई है। इससे सीवर लाइन में तकनीकी समस्या उत्पन्न हो गई है, जिससे गैस रिसाव और विस्फोट का खतरा बढ़ गया है। सफाई में दिक्कतें होंगी और पाइपलाइन के टूटने का भी जोखिम है।

सीवरेज लाइन के मेनहोल के जरिए बिछा दी गैस पाइपलाइन

मुजफ्फरपुर, नीतीश सोनी। नवनिर्मित भूमिगत सीवरेज लाइन में मेनहोल के जरिए गैस पाइपलाइन (पीएनजी) लगा दी गई है। बीते गुरुवार को सीवर लाइन की सफाई के दौरान वार्ड 12 में एमआईटी के सामने दाउदपुर कोठी इलाके में स्थित राम जानकी मार्ग में यह खतरनाक लापरवाही सामने आई। पीएनजी पाइप लगाने में चार मेनहोल के साथ ही 150 मीटर सीवर लाइन क्षतिग्रस्त कर दी गई है। दरअसल, केंद्रीय सार्वजनिक स्वास्थ्य और पर्यावरण अभियांत्रिकी संगठन (सीपीएचईईओ) के मैनुअल को ठेंगा दिखाते हुए एजेंसी ने मनमाने तरीके से जैसे-तैसे गैस पाइपलाइन लगा दी है। मानकों के अनुसार गैस पाइप और सीवर लाइन के बीच एक निश्चित सुरक्षित दूरी रखना अनिवार्य होता है।

सीवरेज प्रोजेक्ट से जुड़ी निर्माण एजेंसी के अधिकारी के मुताबिक मशीन से ड्रील कर मेनहोल के जरिए सीवर लाइन में गैस आपूर्ति करने वाले पाइप लगाए गए हैं। ड्रीलिंग से मेनहोल में लीकेज के साथ ही सीवर पाइपलाइन डैमेज हो गई है। इससे संबंधित इलाके में सीवर लाइन में तकनीकी समस्या उत्पन्न हो गई है। जमीन के नीचे खतरनाक स्थिति, विस्फोट और गैस रिसाव का खतरा शहर में जमीन के नीचे खतरनाक हालात बन रहे हैं। भविष्य में गैस रिसाव व विस्फोट का भी खतरा हो सकता है। विशेषज्ञ के मुताबिक सीवरेज लाइन के मेनहोल से पीएनजी लाइन का गुजरना तकनीकी व सुरक्षा की दृष्टि से अत्यधिक खतरनाक और नियमों के विरुद्ध है। सीवर लाइन के अंदर मीथेन, हाइड्रोजन सल्फाइड, कार्बन डाइऑक्साइड, अमोनिया जैसी विषैली व ज्वलनशील गैसें मौजूद होती हैं। इस स्थिति में पीएनजी लाइन में मामूली रिसाव होने पर मेनहोल के बंद चैंबर में जमी गैस से जरा सी चिंगारी से बड़ा विस्फोट हो सकता है। स्मार्ट सिटी के ‘सीवरेज सिस्टम व अंडरग्राउंड मेन स्ट्रॉर्म वाटर ड्रेनेज’ प्रोजेक्ट के तहत 84 किमी लंबे सीवर लाइन का निर्माण हुआ है। इसकी सफाई के दौरान आने वाले दिनों में पीएनजी लाइन की खतरनाक खामी का दायरा बढ़ सकता है। सीवर की सफाई में भारी औजार टकराने पर टूट सकती है पीएनजी लाइन दरअसल, मेनहोल के माध्यम से सीवर लाइन की सफाई से मरम्मत तक की जाती है। बीच में गैस पाइपलाइन होने से इस काम में दिक्कत के साथ खतरा भी होगा। सफाईकर्मियों को अंदर उतरने में परेशानी होगी। इस क्रम में सफाई से जुड़ी मशीनों या औजारों से टकरा कर गैस पाइप के टूटने का खतरा बना रहेगा। इसके अलावा सीवर लाइन के गंदे पानी में मौजूद हानिकारक रसायनों वाली हाइड्रोजन सल्फाइड गैस पाइपलाइन के बाहरी हिस्से को धीरे-धीरे गला सकती हैं। इससे टिकाउ पाइप जल्दी खराब होने के साथ लीकेज की आशंका बढ़ जाएगी। बयान : मेनहोल के जरिए सीवर लाइन में गैस पाइपलाइन लगाना गलत व खतरनाक है। पीएनजी लाइन को लेकर हुई ड्रीलिंग में मेनहोल में लीकेज के साथ सीवर लाइन डैमेज हुआ है। लीकेज से सड़क धंसने की भी आशंका रहेगी। जेटिंग मशीन से सफाई के दौरान गैस में लीकेज होने पर खतरा होगा। अभी एक जगह पर यह गड़बड़ी मिली है। सीवर लाइन का सफाई जारी है। - आदित्य सिंह, प्रोजेक्ट मैनेजर (निर्माण एजेंसी)

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।