
साइबर पुलिस ने एक सप्ताह के अंदर साइबर ठगी के सात लाख वापस दिलाए
संक्षेप: मुजफ्फरपुर में साइबर थाने की पुलिस ने एक सप्ताह के भीतर अविनाश कुमार को साइबर ठगी में खोए हुए सात लाख रुपये वापस दिलाए। अविनाश को शेयर बाजार में निवेश के नाम पर ठगा गया था। शिकायत दर्ज होने के बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की और ठगी की गई राशि को फ्रीज कराकर उसे वापस दिलवाया।
साइबर थाने की पुलिस ने एक सप्ताह के अंदर एक व्यक्ति को साइबर ठगी के सात लाख रुपये वापस दिलाए। मिठनपुरा के शंकर नगर रमना निवासी अविनाश कुमार शेयर बाजार में इन्वेस्ट करने के नाम पर ठगी का शिकार हुआ था। ठगी का पता चलते ही अविनाश ने तुरंत 1930 पर कॉल कर शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत पर साइबर थाने की पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने तकनीकी और वित्तीय माध्यमों से जालसाजों के ट्रांजेक्शन को ट्रैक करना शुरू किया। शिकायत दर्ज होने के महज एक सप्ताह के भीतर साइबर थाने की टीम को ठगी की गई राशि को फ्रीज कराने और उसे वापस दिलाने में बड़ी सफलता मिली।

ठगी के पूरे सात लाख रुपए पीड़ित अविनाश को वापस करा दिए गए हैं। इसकी जानकारी देते हुए साइबर थानेदार हिमांशु कुमार ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी अज्ञात व्यक्ति या संस्था के झांसे में आकर शेयर बाजार या किसी अन्य निवेश के नाम पर अपनी मेहनत की कमाई ट्रांसफर न करें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत साइबर सेल को दें। जानकारी हो कि अक्टूबर में अविनाश कुमार को साइबर अपराधियों ने शेयर बाजार में निवेश के नाम पर शिकार बनाया था। उसे पैसे डबल और ट्रिपल करने का झांसा दिया। उसके बाद कई बार में उसके खाते से सात लाख रुपए की निकासी कर ली गई।
इसके बदले साइबर अपराधी इन्हें फर्जी कागजात भेज रहा था। इसमें 22 से 23 लाख रुपए का फायदा होने का बताया गया। उसके बाद इन्होंने फायदा का रुपया भेजने को कहा। फिर साइबर अपराधियों ने अपना फोन बंद कर लिया। जब ठगी का एहसास हुआ। जांच में पता चला कि मध्य प्रदेश के इंदौर के एक व्यक्ति के खाते में यह रुपया मंगाया गया है। उसके बाद संबंधित बैंक से संपर्क कर कार्रवाई करते हुए रुपए वापस कराया गया है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




