सड़क हादसे में घायल सीआरपीएफ जवान की मौत
सरैया के सीआरपीएफ सहायक उपनिरीक्षक अशोक कुमार (51) की शुक्रवार रात इलाज के दौरान मौत हो गई। वे बाइक से अपने गांव जा रहे थे, तभी ट्रक ने ठोकर मार दी। गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उन्होंने दम तोड़ दिया। अंतिम संस्कार राजकीय सम्मान के साथ किया गया।
सरैया, हिन्दुस्तान संवाददाता। सरैया थाने के बहिलवारा भुआल उत्तरी निवासी सीआरपीएफ में सहायक उपनिरीक्षक अशोक कुमार (51) की शुक्रवार की रात इलाज के दौरान मौत हो गई। वे बाइक से बैरिया स्थित अपने डेरा से पैतृक गांव जा रहे थे। रेवा रोड पर भामा शाह द्वार के समीप शुक्रवार की शाम ट्रक ने ठोकर मार दी। सदर थाने की पुलिस ने गंभीर हालत में एसकेएमसीएच भर्ती कराया। वहां से तबीयत बिगड़ने पर शहर के निजी अस्पताल ले गए, जहां इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। पिता सेवानिवृत्त प्रधानाध्यापक किशोरी भक्त ने बताया कि अशोक कुमार छत्तीसगढ़ के बीजापुर में 22वीं बटालियन के सिग्नल विभाग में रेडियो ऑपरेटर के पद पर तैनात थे।
वे 29 दिसंबर को छुट्टी में गांव आए थे और 10 जनवरी को वापस ड्यूटी पर लौटने वाले थे। जवान का पार्थिव शरीर गांव पहुंचते ही उनके दरवाजे पर लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा। झपहां स्थित सीआरपीएफ कैंप के इंस्पेक्टर दीनदयाल राम के नेतृत्व में जवानों ने गार्ड ऑफ ऑनर दिया। इसके बाद शव यात्रा निकाली गई। गांव स्थित जवान की निजी जमीन पर पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। मुखिया अजय चौधरी, सरपंच मुकेश झा की मौजूदगी में इंस्पेक्टर ने जवान की पत्नी को एक लाख रुपये दिया। इंस्पेक्टर ने बताया कि अशोक कुमार की बहाली 1994 में हुई थी और उनकी सेवा के अभी लगभग नौ वर्ष बचे थे। उसे दो बेटे हैं, जो पढ़ाई कर रहे हैं। पत्नी शिक्षिका हैं।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




