
प्रतिबंधित मांस के साथ धराए अधेड़ की पिटाई, वीडियो वायरल
मुजफ्फरपुर के सदर थाना क्षेत्र में एक अधेड़ व्यक्ति को प्रतिबंधित मांस के साथ पकड़ा गया। स्थानीय लोगों ने उसकी पिटाई की, जिसका वीडियो वायरल हो रहा है। पुलिस ने व्यक्ति को भीड़ से निकालकर जांच की, जिसमें पता चला कि वह मानसिक रूप से बीमार है। प्रतिबंधित मांस को जब्त कर लिया गया है।
मुजफ्फरपुर, प्रमुख संवाददाता। सदर थाना के पताही चौक के पास रेवा रोड में गुरुवार को प्रतिबंधित मांस के साथ एक अधेड़ व्यक्ति को स्थानीय लोगों ने पकड़ा। इसके बाद आक्रोशित भीड़ ने उसकी जमकर पिटाई कर दी। इसका वीडियो भी वायरल हो रहा है। हालांकि, हिन्दुस्तान इस वायरल वीडियो के सत्यता की पुष्टि नहीं करता है। भीड़ के द्वारा धराए व्यक्ति को पीटे जाने की सूचना मिलने पर सदर थाने की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद भीड़ के बीच से आरोपित को निकाला। इस दौरान पुलिस जवानों से भी आक्रोशित लोगों धक्का-मुक्की की। आरोपित व्यक्ति अपना नाम पता बदल-बदल कर बताता रहा था।
शुरू में उसने खुद को पकड़ी का रहने वाला बताया। हालांकि, सदर थाने की पुलिस के सत्यापन में पता चला कि वह जैतपुर इलाके का रहने वाला है। जैतपुर पुलिस ने उसके गांव में जाकर छानबीन की। इसमें पता चला कि वह मानसिक रूप से बीमार है। इसके बाद पुलिस ने उसे मुचलके पर मुक्त कर दिया। हालांकि, प्रतिबंधित सामग्री को पुलिस ने जब्त कर लिया है। उसकी एफएसएल जांच कराई जाएगी। सदर थानेदार अस्मित कुमार ने बताया कि मानसिक रूप से बीमार व्यक्ति को किसने प्रतिबंधित मांस दिया, इसकी जांच की जा रही है। इस संबंध में पुलिस के बयान पर अज्ञात के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जा रही है। बताया गया कि उक्त व्यक्ति बोरा में प्रतिबंधित मांस लेकर जा रहा था। इस दौरान पताही के कुछ युवकों को शक हुआ। युवकों ने जब उसे रोका तो बोरा से प्रतिबंधित मांस निकला। यह देख लोग आक्रोशित हो गए। मौके पर भीड़ जुट गई। भीड़ आक्रोशित होकर उक्त व्यक्ति से पूछताछ करने लगी। उसके द्वारा बार-बार बात बदलने से लोगों का गुस्सा भड़क गया और उसकी पिटाई कर दी गई। इस पूरी घटना का वीडियो बनाकर किसी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर वायरल कर दिया।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




