चंदा के पैसों से बेला में चल रहा निगम का पंप
चंदा के पैसों से बेला औद्योगिक क्षेत्र में नगर निगम का मोटर पंप चल रहा है। जबकि, औद्योगिक क्षेत्र से जल की निकासी के लिए बियाडा के पास एक मोटर पंप तक नहीं है। जलजमाव के कारण औद्योगिक क्षेत्र में चार...

चंदा के पैसों से बेला औद्योगिक क्षेत्र में नगर निगम का मोटर पंप चल रहा है। जबकि, औद्योगिक क्षेत्र से जल की निकासी के लिए बियाडा के पास एक मोटर पंप तक नहीं है। जलजमाव के कारण औद्योगिक क्षेत्र में चार दिनों से उत्पादन ठप है। पूरे मामले को लेकर उद्यमियों ने बियाडा के एमडी से फरियाद लगायी है। लघु उद्योग भारती के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष श्याम सुंदर भीमसेरिया ने एमडी को पत्र लिखते हुए कहा एक मोटर पंप कुछ समय के लिए नगर निगम से मंगवायी गई है। इसे चलाने के लिए चंदा के रुपये से डीजल खरीदे गए हैं। अब नगर निगम इसे वापस ले जाने की तैयारी में है। उन्होंने एमडी से एक बड़े पंप की खरीदारी, डीजल के लिए राशि उपलब्ध कराने व शहरी क्षेत्र के पानी की निकासी बेला के बदले अन्य इलाके से कराने की मांग की है। वहीं, स्थानीय उद्यमी भरत अग्रवाल ने बताया कि चार दिनों से फैक्ट्रियां बंद हैं। इससे उद्यमियों को भारी आर्थिक क्षति उठानी पड़ रही है। इसके बावजूद बेला में जल निकासी का समुचित इंतजाम नहीं है। वहीं, उद्यमी नरेंद्र कुमार चौधरी ने कहा कि समस्याओं से लगातार बियाडा के अधिकारियों को अवगत कराया जा रहा है। इसके बावजूद जल निकासी के लिए बियाडा के स्तर से पहल नहीं हो रही है।
