
तुर्की में बनेगा रेल टर्मिनल, न्यू मुजफ्फरपुर स्टेशन भी होगा विकसित
मुजफ्फरपुर में तुर्की-सिलौत बाइपास रेल लाइन का निर्माण तेज हो गया है। तुर्की स्टेशन को रेलवे टर्मिनल के रूप में विकसित किया जाएगा। इससे मुजफ्फरपुर जंक्शन पर ट्रैफिक लोड कम होगा और मालगाड़ियों के साथ पैसेंजर ट्रेनों का परिचालन भी होगा। सर्वे का काम मंगलवार को शुरू होगा।
मुजफ्फरपुर, वरीय संवाददाता। तुर्की-सिलौत बाइपास रेल लाइन के निर्माण की कवायद तेज हो गई है। इसके लिए तुर्की स्टेशन को रेलवे टर्मिनल के तौर पर विकसित किया जाएगा। रेलवे ने यहां वाशिंग पिट, सिक व स्टेबल लाइन बिछाने की योजना तैयार की है। साथ ही तुर्की-सिलौत सेक्शन पर चकभिक्खी या तुर्की-रामदयालु के बीच न्यू मुजफ्फरपुर स्टेशन को भी विकसित किया जा सकता है। इन दोनों कार्य के लिए सोनपुर मंडल के विभिन्न विभागों के अधिकारी मंगलवार को सर्वे करेंगे। रेलवे बोर्ड ने मुजफ्फरपुर जंक्शन के ट्रैफिक लोड को कम करने के लिए तुर्की-सिलौत बाइपास लाइन की स्वीकृति दी थी। गुजरात के गांधीनगर की एक एजेंसी ने इसके लिए सर्वे किया था।

इस दौरान बाइपास के तुर्की स्टेशन को टर्मिनल के रूप में विकसित करने की सलाह दी थी। अपनी रिपोर्ट में एजेंसी ने बताया था कि तुर्की-सिलौत बाइपास रेल लाइन तुर्की स्टेशन से माधोपुर गांव के समीप से होते हुए चकभिक्खी से सिलौत स्टेशन में मिलेगी। आठ साल पहले भेजा गया था प्रस्ताव : करीब आठ साल पहले सोनपुर के तत्कालीन डीआरएम ने पूर्व मध्य रेल मुख्यालय के माध्यम से रेलवे बोर्ड को बाइपास रेल लाइन का प्रस्ताव भेजा था। इस नई रेल लाइन से मुजफ्फरपुर जंक्शन पर मालगाड़ियों की भीड़ कम जाएगी। टर्मिनल के बनने के बाद मालगाडियों के साथ पैसेंजर ट्रेनों का भी परिचालन होगा। वर्तमान में मुजफ्फरपुर जंक्शन से प्रतिदिन औसतन 85 से अधिक मेल-एक्सप्रेस ट्रेनों का आना-जाना होता है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




