सीतामढ़ी के बच्चे मुजफ्फरपुर पहुंच गए परीक्षा देने
मुजफ्फरपुर में ओपेन बोर्ड की इंटर-मैट्रिक प्रैक्टिकल परीक्षा में एक अजीबोगरीब स्थिति उत्पन्न हुई। सीतामढ़ी के छात्र बीबी कॉलेजिएट केंद्र पर परीक्षा देने पहुंचे, जबकि उनके स्कूल का नाम सूची में नहीं था। छात्रों ने एडमिट कार्ड दिखाते हुए कहा कि उनकी गलती नहीं है। परीक्षा के बिना उन्हें लौटना पड़ा।

मुजफ्फरपुर, प्रमुख संवाददाता। ओपेन बोर्ड की इंटर-मैट्रिक प्रैक्टिकल परीक्षा में शुक्रवार को अजीबोगरीब मामला सामने आया। सीतामढ़ी के बच्चे मुजफ्फरपुर के केंद्र पर परीक्षा देने पहुंच गए। इसे लेकर बीबी कॉलेजिएट केंद्र से लेकर शिक्षा कार्यालय तक भाग-दौड़ मची रही। परीक्षा देने आए छात्र आक्रोशित हो उठे। उनका कहना था कि इसमें उनकी क्या गलती है। एडमिट कार्ड तो बिहार बोर्ड से ही जारी किया गया है। परीक्षा शुक्रवार से शुरू हुई। जिले में इंटर के लिए चार और मैट्रिक के परीक्षार्थियों के लिए छह केंद्र बनाये गये हैं। पहलीबार स्टडी सेंटर पर प्रैक्टिकल नहीं होकर इसके लिए अलग केंद्र बनाये गए हैं।
बीबी कॉलेजिएट में एक दर्जन से अधिक परीक्षार्थी सीतामढ़ी जिले से परीक्षा देने पहुंचे थे। केन्द्राधीक्षक ने जब केंद्र से टैग स्कूलों की सूची देखी तो उसमें सीतामढ़ी के स्कूल का नाम नहीं था। दूसरी तरफ छात्रों ने एडमिट कार्ड दिखाते हुए कहा कि इसपर बीबी कॉलेजिएट केंद्र ही अंकित है। आनन-फानन में डीईओ कार्यालय को इसकी सूचना दी गई और मार्गदर्शन मांगा गया। इधर, शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने सीतामढ़ी के भी शिक्षा अधिकारी से बात की और उन्हें इसकी सूचना दी। एक दर्जन से अधिक छात्र-छात्राओं को दोपहर बाद बिना परीक्षा दिए लौट जाना पड़ा। परीक्षार्थी एक घंटे तक बीबी कॉलेजिएट केंद्र पर जमे रहे। एडमिट कार्ड पर विषय और शिड्यूल भी था अंकित परीक्षार्थी हर्ष राज ने बिहार बोर्ड से जारी अपने एडमिट कार्ड दिखाते हुए कहा कि इसपर परीक्षा केंद्र बीबी कॉलेजिएट मुजफ्फरपुर लिखा हुआ है। यही नहीं, फिजिक्स, केमेस्ट्री की प्रैक्टिकल परीक्षा का शिड्यूल 5 दिसंबर को 9 से 12 और 1 से 4 बजे तक का दिया गया है। इसी तरह बायोलॉजी के लिए 6 दिसंबर की तिथि अंकित है। इसके लिए 9 से 12 बजे तक का समय दिया गया है। परीक्षार्थी अंजू सिंह ने बताया कि मेरे भी एडमिट कार्ड पर बीबी कॉलेजिएट केंद्र अंकित है। इसपर 5 दिसंबर को ज्योगरॉफी और 6 को 1 से 4 बजे तक होमसाइंस की प्रैक्टिकल परीक्षा अंकित है। परीक्षार्थियों ने कहा कि यह एडमिट कार्ड बोर्ड की ओर से ही जारी है। हमलोग एक जिले से दूसरे जिले में आकर चक्कर काटते रहे। बीबी कॉलेजिएट की प्राचार्य रीता कुमारी ने कहा कि डीईओ कार्यालय को इसकी सूचना दे दी गई। इन छात्र-छात्राओं के स्कूल का नाम हमारे केंद्र की टैग सूची में नहीं था।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


