Muzaffarpur News: सकरा में सहयोग शिविर से अफसर नदारद, फरियादी भड़के
Muzaffarpur News: विशुनपुर बघनगरी पंचायत में सहयोग शिविर में उपस्थित नहीं रहने पर फरियादियों ने विरोध किया। पंचायत की मुखिया ने अधिकारियों की अनुपस्थिति की शिकायत करने की बात कही। सात पंचायतों में 66 मामलों का निबटारा हुआ है। शिविर में सरकार की विभिन्न योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराई गई।

Muzaffarpur News: सकरा, हिन्दुस्तान संवाददाता। विशुनपुर बघनगरी पंचायत में मंगलवार को डब्ल्यूपीयू सेंटर परिसर में आयोजित सहयोग शिविर में पदाधिकारियों के नहीं रहने पर फरियादी भड़क गए। विभिन्न विभागों के काउंटरों पर पंचायतकर्मी बैठे थे, जहां फरियादियों को सही से जानकारी मिल पा रही थी। फरियादियों ने बताया कि सहयोग शिविर में स्थानीय पदाधिकारी रुचि नहीं ले रहे हैं। दूर-दराज से समस्या लेकर आते हैं और बैरंग लौटना पड़ता है। पंचायत की मुखिया बबीता कुमारी ने बताया कि सहयोग शिविर में जो पदाधिकारी गायब मिले हैं, उनके खिलाफ वरीय अधिकारियों से शिकायत की जाएगी। सात पंचायतों में 66 मामलों का निबटारा
मीनापुर।
प्रखंड की सात पंचायतों में सहयोग शिविर के दौरान 66 मामलों का निबटारा किया गया। बीडीओ संजय कुमार सिन्हा ने बताया कि राघोपुर, टेंगरारी, बेलाहीलच्छी, नंदना, रानीखैरा, तुर्की पूर्वी और घोसौत पंचायत में सहयोग शिविर के दौरान कुल 295 आवेदन आये। इस मौके पर मुखिया अभिषेक कुमार, बिन्दु देवी, संजय झा, उदय कुमार, नेहा देवी, अखिलेश राम मौजूद थे।
विभिन्न योजनाओं की दी गई जानकारी
पारू। प्रखंड की सरैया, चोचाही छपरा, बाजितपुर, रघुनाथपुर, लालुछपरा, कोइरिया निजामत, मंगुरहिया समेत 10 पंचायतों में सहयोग शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। शिविर में आवास योजना, पेंशन, राशन कार्ड, आयुष्मान कार्ड, मनरेगा, बिजली, पेयजल सहित अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित मामलों को लेकर ग्रामीणों ने समस्याएं रखीं।


