
मौसम: आज से फिर बढ़ेगी सर्दी, चार दिन शीत दिवस का अलर्ट
मुजफ्फरपुर में मौसम विज्ञान विभाग ने कहा है कि गुरुवार से सर्दी बढ़ने की संभावना है। अगले 3-4 दिनों में शीत दिवस के हालात बने रहेंगे। अधिकतम तापमान 15-18 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 7-8 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा। पिछले 24 घंटे में अधिकतम तापमान में 3 डिग्री की कमी आई है।
मुजफ्फरपुर, वरीय संवाददाता। दो दिनों तक धूप खिलने के बाद गुरुवार से फिर से सर्दी का सितम जोर पकड़ सकता है। मौसम विज्ञान विभाग ने बुधवार को जारी पूर्वानुमान में इसकी संभावना जताई है। पूर्वानुमान के अनुसार अगले तीन से चार दिनों तक शीत दिवस के हालात बने रहेंगे। इस दौरान दिन का तापमान और नीचे जाने तथा रात के तापमान में आंशिक सुधार के आसार हैं। इस बीच पिछले 24 घंटे में अधिकतम तापमान में तीन डिग्री से अधिक कमी आई। वहीं, न्यूनतम तापमान में करीब दो डिग्री का सुधार आया। इसके बाजवूद यह लगातार दूसरे दिन 6 डिग्री सेल्सियस से नीचे रहा।
पूसा स्थिति ग्रामीण मौसम विज्ञान केंद्र के वरीय वैज्ञानिक डॉ. ए. सत्तार ने बताया कि बंगाल की खाड़ी में निम्न दबाव का क्षेत्र लगातार बना हुआ है। यह गुरुवार से और अधिक जोर पकड़ेगा। इसके प्रभाव से जिले में जेट स्ट्रीम का प्रभाव गहराएगा और अगले तीन से चार दिनों तक शीत दिवस के हालात बने रह सकते हैं। इस दौरान अधिकतम तापमान 15 से 18 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 7 से 8 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। बुधवार को अधिकतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 5.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




