Muzaffarpur News: प्रधान डाकघर स्थित आधार सेवा केंद्र बंद, लोग परेशान
Muzaffarpur News: मुजफ्फरपुर में प्रधान डाकघर स्थित आधार सेवा केंद्र पिछले चार दिनों से बंद है, जिससे रोजाना करीब तीन सौ लोग वापस लौट रहे हैं। इस कारण लोगों को अन्य केंद्रों की तलाश में भटकना पड़ रहा है। अधिकारियों ने बताया कि तकनीकी कारणों से केंद्र बंद है, लेकिन अगले सप्ताह इसे चालू कर दिया जाएगा।

Muzaffarpur News: मुजफ्फरपुर, वरीय संवाददाता। प्रधान डाकघर स्थित आधार सेवा केंद्र पिछले चार दिनों से बंद पड़ा है। इस कारण प्रतिदिन करीब तीन सौ लोग वापस लौट रहे हैं। वहीं, यहां आधार संबंधी कार्य नहीं होने से लोग अन्य केंद्रों की तलाश में कलेक्ट्रेट, अनुमंडल कार्यालय सहित अन्य जगहों पर भटकने को मजबूर है। प्रधान डाकघर पहुंचने पर लोगों को सदातपुर स्थित मुख्य आधार केंद्र जाने की सलाह दी जाती है।
स्मिता दुबे का अनुभव
आमगोला से प्रधान डाकघर अपने बच्चे के आधार कार्ड में नाम सुधरवाने आई स्मिता दुबे ने बताया कि एक सप्ताह पहले स्लॉट बुक कराया था। लेकिन, दो दिनों से प्रधान डाकघर आकर वापस लौट रही है। अंत में उनको सदातपुर स्थित मुख्य आधार केंद्र जाने की सलाह दी गई। अब सदातपुर आने जाने में उनको ऑटो का अतिरिक्त 150 से 200 रुपये खर्च करना होगा। वहीं, बालूघाट की निशा कुमारी ने बताया कि उनको पासपोर्ट बनवाने के लिए आधार कार्ड की जरूरत है। इस साल शादी के बाद उनका पता परिवर्तित हो गया है। पता बदलवाने के लिए वह सोमवार से ही परेशान हो रही है। पास के इलाहाबाद बैंक केंद्र जाने पर वहां भी केंद्र बंद रहने की जानकारी मिली। वहीं, कल्याणी के मनीष कुमार ने बताया कि अधिकारियों ने इस पूरे सप्ताह आधार केंद्र बंद रहने की जानकारी दी है। ऐसे में उन्होंने फिर से सदातपुर आधार केंद्र के लिए स्लॉट बुक कराया है, जो अगले सप्ताह मंगलवार का मिला है। उन्होंने कहा कि विभागीय अधिकारियों की लापरवाही के कारण आधार केंद्र आनेवाले लोगों को परेशानी हो रही है। उनको केंद्र को चालू करने के लिए पहल करनी चाहिए।
प्रशासन की प्रतिक्रिया
इस संबंध में प्रधान डाकघर के प्रवर डाकपाल पीपी वर्मा ने कहा कि तकनीकी कारणों से केंद्र का संचालन कुछ समय के लिए स्थगित किया गया है। अगले सप्ताह से इसे चालू कर दिया जाएगा।


